बिहार में रिटायर्ड प्रोफेसर की पत्नी संग हत्या

राजनाथ सिंह के रहे करीबी और भाजपा से चुनाव लड़ चुके प्रोफेसर
नई दिल्ली (एजेंसी)।
बिहार के भोजपुर जिले के नवादा थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड प्रोफेसर दंपति का शव उनके ही घर से बरामद किया गया है। प्रोफेसर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से भी जुड़े रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि धारदार हथियार से वार कर इनकी हत्या की गई है।
पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि सेवानिवृत प्रोफेसर महेंद्र प्रसाद सिंह (67) अपनी पत्नी पुष्पा सिंह (65) के साथ कतीरा मुहल्ले में अपने मकान में रहते थे। सोमवार की रात दोनों के शवों को बरामद किया गया है। शव देखने से आशंका व्यक्त की जा रही है कि किसी धारदार हथियार से वारकर दोनों की हत्या की गई है। हालांकि पुलिस के अधिकारी हत्या के कारणों को लेकर अभी कुछ नहीं बता पा रहे हैं। मुहल्ले के लोगों का कहना है कि प्रोफेसर का शव डायनिंग रूम से, जबकि उनकी पत्नी का शव बेड रूम से बरामद किया गया।
मृतक महेंद्र प्रसाद सिंह वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में राजनीति शास्त्र के पूर्व विभागाध्यक्ष थे, जबकि उनकी पत्नी पुष्पा सिंह मनोविज्ञान को प्रोफेसर थी। महेंद्र भाजपा से जुड़े रहे हैं और विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। बताया जाता है कि प्रोफेसर महेंद्र प्रसाद सिंह का रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ करीबी रिश्ता था। प्रोफेसर दंपति अपने घर में अकेले रहते थे। इनकी तीन बेटियां हैं और सभी अपने ससुराल में रहती हैं।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, बुलाई गई FSL टीम
पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि पुलिस सीसीटीवी को खंगाल रही है और एफएसएल टीम को बुलाया गया है। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से छानबीन कर रही है। घटना की जानकारी देते हुए भोजपुर के एसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि रिटायर्ड प्रोफेसर दंपति की घर में हत्या की गई।
किराएदार ने फोन कर घटना की जानकारी दी। फॉरेंसिक टीम विधिवत जांच करेगी। प्रथम दृष्टि में लग रहा है कि किसी चीज से वार करने पर मृत्यु हुई है। पोस्टमॉर्टम के बाद मौत के कारण का पता चलेगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts