मुंबई में 80 लाख रुपये मूल्य के जाली नोट जब्त, एक किसान गिरफ्तार

मुंबई। मुंबई के पवई इलाके में पुलिस ने 80 लाख रुपये कीमत के नकली नोट बरामद किए हैं। सभी 500 रुपये के नकली नोट हैं। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान सौजन्य भूषण पाटिल (31) के रूप में की गई है। मामले की मुंबई क्राइम ब्रांच पुलिस गहन छानबीन कर रही है। पुलिस के अनुसार मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट 10 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सतीश कांबले को पवई में स्थित आंबेडकर गार्डेन के पास नकली नोटों के साथ आरोपितों के आने की गोपनीय जानकारी मिली थी। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस निरीक्षक कांबले ने मौके पर निगरानी रखी थी। बुधवार को देर रात जैसे ही मौके पर नकली नोट सहित आरोपित पहुंचा, वहां तैनात पुलिस की टीम ने उसे पकड़ लिया और उसके बैग की तलाशी ली। बैग में नकली नोट मिलने के बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की टीम आरोपित से नकली नोट चलाने वाले गिरोह की जानकारी इकट्ठा कर रही है। आरोपित ने पुलिस को बताया कि यह नकली नोट मुंबई के विभिन्न इलाकों में वितरित करने वाला था। मामले की गहन छानबीन जारी है।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts