पुरुष नसबंदी पखवाड़ा आज से

दो चरणों में चार नवंबर तक चलेगा
21 से 27 नवंबर तक आशा-एएनएम बताएंगी परिवार नियोजन के लाभ
28 नवंबर से चार दिसंबर तक इच्छुक लाभार्थियों को सेवाएं प्रदान की जाएगी

 
मेरठ, 20 नवंबर, 2022।पुरुष नसबंदी पखवाड़ा सोमवार(21 नवम्बर) से प्रारम्भ होगा। इस बार की थीम है“अब पुरुष निभाएंगे जिम्मेदारी, परिवार नियोजन अपना कर दिखाएंगे अपनी भागीदारी”। 21 नवम्बर से चार दिसम्बर तक पखवाड़ा दो चरणों में चलेगा। पहला चरण 21 से 27 नवम्बर तक। दूसरा 28 नवम्बर से चार दिसम्बर तक चलेगा। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अखिलेश मोहन ने दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया इस संबंध में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तर प्रदेश की निदेशक अपर्णा उपाध्याय ने सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया सोमवार को जनपद में खुशहाल परिवार दिवस के साथ पुरुष नसबंदी पखवाड़े का पहला चरण भी शुरू हो जाएगा। 21 से 27 नवंबर तक चलने वाले इस चरण में आशा-एएनएम घर-घर जाकर परिवार नियोजन के लाभ बताएंगी और परिवार नियोजन के स्थाई साधन अपनाने के इच्छुक लाभार्थियों का पंजीकरण भी करेंगी। परिवार पूरा कर चुके दम्पति को परिवार नियोजन के स्थाई साधन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। दूसरे चरण में 28 नवंबर से चार दिसंबर तक सेवा प्रदायी सप्ताह के अंतर्गत परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा- दम्पति में प्रजनन स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए पुरुषों की सहभागिता बहुत महत्वपूर्ण है। प्रजनन स्वास्थ्य के दृष्टिगत पुरुष नसबंदी बहुत ही महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह एक मामूली शल्य क्रिया है तथा महिला नसबंदी की तुलना में अपेक्षाकृत अधिक सुरक्षित है। पुरुष नसबंदी के लिए न्यूनतम संसाधनों एवं बुनियादी ढांचे की आवश्यकता होती है। पिछले कुछ वर्षों से किये जा रहे अथक प्रयासों के बावजूद वर्तमान में पुरुष नसबंदी की स्वीकृति दर बहुत कम है।
परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डा. विश्वास चौधरी ने बताया 21 नवंबर से जनपद में आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर इस संबंध में अपना परिवार पूरा कर चुके दंपति से बात करेगी और उनकी सहमति होने पर पंजीकरण करेंगी। 27 नवंबर तक प्रचार-प्रसार के जरिए मोबिलाइजेशन अभियान चलाया जाएगा। दूसरे चरण में इच्छुक लाभार्थियों को परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया - टीबी चैंपियन की तर्ज पर पुरुष नसबंदी अपनाने वाले पुरुषों को पुरुष नसबंदी चैंपियन बनाया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts