उप मुख्यमंत्री ब्रिजेश पाठक ने ज़िला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण

मरीजों से जाना हालचाल, जनरल वार्ड तथा आइसोलेशन वार्ड का भी लिया जायजा


मुजफ्फरनगर, 3 अक्टूबर 2022। उप मुख्यमंत्री ब्रिजेश पाठक ने सोमवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों से उनकी कुशलक्षेम पूछी। उप मुख्यमंत्री ने मरीजों से अस्पताल के रखरखाव, व्यवस्था, दवा और चिकित्सा संबंधी पूछताछ की। उन्होंने आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य सेवा में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और विश्वास दिलाया कि प्रदेश सरकार प्रत्येक नागरिक के स्वास्थ्य के प्रति गंभीर है। इस दौरान उप मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट मोड पर रहे। सोमवार को जिलाधिकारी चन्द्रभूषण सिंह तथा एसएसपी विनीत जायसवाल भी अस्पताल में मौजूद रहे। 

इमरजेंसी से लेकर जनरल वार्ड में जांची व्यवस्था

सोमवार को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रिजेश पाठक निर्धारित समय से पूर्व ही निरीक्षण के लिए जिला अस्पताल पहुंच गए। उनके साथ राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल भी मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम इमरजेंसी वार्ड पहुंचकर भर्ती मरीजों का हाल जाना और निर्देशित किया कि किसी भी मरीज के उपचार में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जनरल वार्ड तथा आइसोलेशन वार्ड का भी जायजा लिया। वहां भर्ती मरीजों से स्वास्थ्य लाभ की जानकारी ली। साथ ही पूछा कि दवा मिल रही हैं या नहीं।

उप मुख्यमंत्री ब्रिजेश पाठक ने बताया - प्रदेश सरकार सूबे के प्रत्येक नागरिक के स्वास्थ्य के प्रति गंभीर है। उन्होंने कहा- ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि किसी भी मरीज के उपचार में देरी न हो। प्रदेश सरकार प्रत्येक मरीज के उपचार के लिए कृत संकल्पित है। मुजफ्फरनगर में स्वास्थ्य सेवाओं को और भी बेहतर बनाने के प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा - जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों को इस संबंध में निर्देशित कर दिया गया है। पिछले दिनों झोलाछाप तथा फर्जी नर्सिंग होम के विरुद्ध चलाए गए अभियान के प्रति उन्होंने खुशी जाहिर की। स्थानीय स्वास्थ्य विभाग से अपेक्षा की कि इस तरह के अभियान भविष्य में चलाए जाते रहेंगे। उप मुख्यमंत्री ने कहा - स्वास्थ्य सेवाओं को और भी बेहतर बनाया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts