प्रभावी केंद्र बनेगा नया सैन्य हवाई अड्डाः पीएम मोदी
- डिफेंस एक्सपो 2022 का किया उद्घाटनगांधीनगर (एजेंसी)।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तरी गुजरात के दीसा में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास नए सैन्य हवाई अड्डे की आधारशिला रखते हुए बुधवार को कहा कि यह देश की सुरक्षा का एक प्रभावी केंद्र बनकर उभरेगा।
गुजरात की राजधानी गांधीनगर में ‘डिफेंस एक्सपो' के उद्घाटन समारोह में मोदी ने कहा कि रक्षा बल 101 वस्तुओं की एक सूची जारी करेंगे जिनके आयात पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही रक्षा क्षेत्र के 411 साजो-सामान व उपकरण ऐसे होंगे जिन्हें भारत में ही बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘ इससे भारतीय रक्षा उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।'' उन्होंने कि यह एक अद्भुत ‘डिफेंस एक्सपो' है क्योंकि पहली बार इसमें केवल भारतीय कंपनियां हिस्सा ले रही हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तरी गुजरात के बनासकांठा के दीसा में बनने वाला नया सैन्य हवाई अड्डा देश की सुरक्षा के लिए एक प्रभावी केंद्र के रूप में उभरेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीय रक्षा उत्पादों का निर्यात पिछले कुछ वर्षों में आठ गुना बढ़ा है।
पीएम ने भारत की बढ़ती रक्षा उत्पादन क्षमताओं की तारीफ करते हुए कहा कि ये देश का ऐसा पहला डिफेंस एक्सपो है जिसमें केवल भारतीय कंपनियां ही भाग ले रही है। केवल मेड इन इंडिया रक्षा उपकरण ही है।
उन्होंने कहा कि डेफएक्सपो 22 का ये आयोजन नए भारत की ऐसी भव्य तस्वीर खींच रहा है जिसका संकल्प हमने अमृत काल में लिया है। इसमें राष्ट्र का विकास, युवा की शक्ति, सपने, संकल्प और साहस भी है, इसमें विश्व के लिए उम्मीद भी है।
प्रधानमंत्री अपनी यात्रा के दौरान अडालज में मिशन स्कूल्स ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत करेंगे और जूनागढ़ में विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।


No comments:
Post a Comment