प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस का आयोजन
सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर दिया गया सुरक्षित मातृत्व के लिए उचित परामर्शलाभार्थियों को बताए गए सुरक्षित गर्भ समापन के लाभ
मेरठ,9 सितम्बर 2022। जनपद के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर शुक्रवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान गर्भवती की जांच की गई और उन्हें उचित परामर्श दिया गया।उन्हें समझाया गया कि वह संस्थागत प्रसव ही कराएं। इस अवसर पर परिवार नियोजन संबंधी परामर्श भी दिया गया। इसी क्रम में दौराल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर सुरक्षित गर्भ समापन, परिवार नियोजन और एमटीपी एक्ट 2021 के विषय में उपस्थित लोगों को जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एसीएमओ (आरसीएच) डॉ. विश्वास चौधरी ने बताया – पीएमएसएमए दिवस के तहत गर्भवती को बेहतर सुविधा देना विभाग का लक्ष्य है। उन्होंने कहा स्वास्थ्य इकाइयों तक आने वाली अधिकतर गर्भवती संसाधन विहीन, वंचित समुदाय से तथा दूर दराज के गांवों से आती हैं। अतः प्रयास किया जाता है कि आने वाली समस्त गर्भवती कोउसी दिन सभी जाँच (ब्लड टेस्ट, ब्लड प्रेशर, यूरिन टेस्ट, हीमोग्लोबिन, अल्ट्रासाउंड) निःशुल्क प्रदान की जायें, जिससे उन्हें बार-बार स्वास्थ्य इकाई पर न आना पड़े। यदि सम्बन्धित चिकित्सालय पर कोई जाँच उपलब्ध नहीं है, तो उच्च स्तरीय इकाई पर संदर्भित कर निःशुल्क सेवा प्रदान की जाती है।
सीएचसी दौराला के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ विपुल ने बताया प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर प्रत्येक गर्भवती को पांच निशुल्क जांच- (ब्लड टेस्ट, ब्लड प्रेशर, यूरिन टेस्ट, हीमोग्लोबिन, अल्ट्रासाउंड) की सुविधा दी गई। इस अवसर पर यहां साझा प्रयास की ओर से आशा कार्यकर्ताओं को सुरक्षित गर्भ समापन, और एमटीपी एक्ट 2021 के विषय में जानकारी दी गई और मौजूद लाभार्थियों को भी सुरक्षित गर्भ समापन के बारे में जागरूक किया गया। डा. विपुल ने कहा- असुरक्षित गर्भ समापन भी मातृ मृत्यु दर का एक प्रमुख कारक है और समुदाय में इस विषय पर जागरूकता फैलाने में साझा प्रयास की सबसे अहम भूमिका है। उन्होंने कहा हर वर्ष काफी महिलाओं की मृत्यु असुरक्षित गर्भ समापन के कारण होती है। सुरक्षित गर्भ समापन के साथ ही मातृ-शिशु मृत्यु दर घटेगी। प्रजनन सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक होना चाहिए, ताकि असमय होने वाली मौतों को रोका जा सके।


No comments:
Post a Comment