जौनपुर को मुख्यमंत्री ने दी करोड़ों की सौगात

भ्रष्टाचारी की संपत्ति होगी कुर्कः सीएम योगी

जौनपुर।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को जौनपुर दौरे पर जिले को विकास के कई सौगात देने के साथ भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को कड़ी नसीहत भी दे डाली। जौनपुर में शिलान्यास तथा लोकार्पण के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ गाजीपुर के लिए रवाना हो गए।
जौनपुर में 258 करोड़ की 116 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास समारोह को संबोधित करते पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलब्य मैदान में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकार ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा देकर प्रदेश को खोखला कर दिया था। भ्रष्टाचार पिछली सरकारों की जींस का हिस्सा था, अपने लिए और अपने खानदान के लिए भ्रष्टाचार पैदा करते थे। भ्रष्टाचारी कोई भी होगा उसकी संपत्ति कुर्क करके उसे गरीबों के उपयोग के लिए कोई संकोच नहीं करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सूबे में विकास योजनाएं जो भी चलाई गई सिर्फ अपने लोगों को लाभ दिया गया। उसका लाभ आम आदमी को नहीं मिला। आज उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है। विकास की ओर बढ़ रहा है जौनपुर
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज जौनपुर दौरे पर आते ही हमने मेडिकल कॉलेज व एसटीपी निर्माण का निरीक्षण किया। हमने देखा कि जौनपुर आज विकास की ओर बढ़ रहा है। विकास की योजनाओं का ईमानदारी से पालन का ही परिणाम है कि आज जौनपुर के साथ ही पूरा प्रदेश विकास की एक नई कहानी लिख रहा है। कहा कि 2017 के पहले की सरकार के भ्रष्टाचार के चलते योजनाएं धरातल पर नहीं उतर पा रही थीं। वह सरकार केवल ठेकेदारों व परिवार के लोगों को लाभ देने का काम कर रही थी। जिसका परिणाम रहा कि उत्तर प्रदेश बिछड़ता गया।
उन्होंने सरकार की शिक्षा, चिकित्सा सहित अन्य योजनाओं का बखान करते हुए जौनपुर के इत्र व इमरती को और आगे बढ़ाने की बात कही। इसके साथ ही सभी से आह्वान किया कि देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ ही गांव व नगर को भी आत्मनिर्भर बनाएं।

सुरक्षा में चूक, सपा कार्यकर्ता ने दिखाया काला कपड़ा

जौनपुर।
सीएम योगी की सुरक्षा में शुक्रवार को उस समय भारी भारी चूक सामने आई जब सीएम जिले में दौरे पर पहुंचे। शुक्रवार की सुबह एक समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता ने सीएम योगी आदित्‍यनाथ की गाड़ी के सामने मेडिकल कालेज के लिए निरीक्षण करने के लिए पहुंचने के दौरान काला कपड़ा निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। काला कपड़ा देखते ही वहीं मौजूद पुलिस कर्मियों के होश उड़ गए।
आनन फानन दौड़ाकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता को पुलिस ने पकड़ लिया। इस दौरान सपा कार्यकर्ता को पुलिस कर्मियों ने पिटाई करने के बाद उसे हिरासत में ले लिया। युवक ने नीली काली जींस और सफेद शर्ट के साथ गले में गमछा डाल रखा था। पुलिस के अनुसार उसका नाम आशीष है।

 
विरासत का करना पड़ेगा सम्मानः सीएम योगी
गाजीपुर (विनीत वत्स)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गाजीपुर पहुंचे। पीजी कॉलेज के संस्थापक राजेश्वर सिंह की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजीपुर में शिक्षा की अलख जगाने वाले बाबू राजेश्वर सिंह की प्रतिमा का अनावरण कर अभिभूत हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को विकसित बनाना है तो अपनी विरासत का सम्मान करना पड़ेगा। प्रधानमंत्री ने जब गाजीपुर को मेडिकल कॉलेज दिया तो हमने अतीत का सम्मान करते हुए महर्षि विश्वामित्र के नाम पर नामकरण किया।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे ही आजमगढ़ में विश्वविद्यालय बनाया गया तो महाराजा सुहेलदेव के नाम पर रखा गया। क्योंकि एक हजार साल पहले उन्होंने विदेशी आक्रांताओं से देश की रक्षा करने का काम किया था। यही तो है विरासत के प्रति सम्मान प्रकट करने का तरीका।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजेश्वर सिंह ने आजादी के पूर्व जन्म लिया। इलाहाबाद विवि से स्नातक और लॉ की डिग्री लेने के बाद यहां प्रैक्टिस की। जब देश आजादी के प्रथम समर का शताब्दी समारोह आयोजित कर रहा था तो 1957 में गाजीपुर डिग्री कॉलेज की स्थापना की। वह आज पीजी कॉलेज के रूप में 10 हजार छात्र-छात्राओं की शिक्षा का केंद्र बना है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि गाजीपुर का अतीत बहुत गौरवशाली है। महर्षि विश्वामित्र की धरती ने राक्षसों का दमन किया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts