मन की बात में बोले प्रधानमंत्री

भगत सिंह के नाम पर होगा चंडीगढ़ हवाई अड्डाः पीएम मोदी
नई दिल्ली (एजेंसी)।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को घोषणा की कि महान स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धांजलि के रूप में चंडीगढ़ हवाई अड्डे का नाम अब शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा जाएगा।
प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 93वें संस्करण में अपने विचार साझा कर रहे थे। मोदी ने कहा कि 28 सितंबर को अमृत महोत्सव का एक विशेष दिन आ रहा है। इस दिन हम भारत मां के वीर सपूत भगत सिंह की जयंती मनाएंगे। भगत सिंह की जयंती के ठीक पहले उन्हें श्रद्धांजलि स्वरूप एक महत्वपूर्ण निर्णय किया है। यह तय किया है कि चंडीगढ़ एयरपोर्ट का नाम अब शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा जाएगा।
प्रधानमंत्री ने 29 सितंबर से गुजरात में शुरू होने वाले राष्ट्रीय खेलों में भाग लेने जा रहे खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए वह स्वयं इस मौके पर मौजूद रहेंगे। कोरोना के कारण पिछली बार इसे रद्द कर दिया गया था।
भारत में चीतों की वापसी के बारे में बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नामीबिया से 17 सितंबर को आठ चीतों के भारत लौटने के बाद 130 करोड़ भारतीय खुशी और गर्व से भर हुए हैं। लोगों का सवाल कि हमें चीतों को देखने का अवसर कब मिलेगा का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि चीतों की निगरानी के लिए एक टास्क फोर्स बनाई गई है जो यह तय करेगी कि चीते यहां के माहौल में कितने घुल-मिल पाए हैं।
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से चीतों के लिए चलाए जा रहे अभियान के नामकरण को लेकर सुझाव मांगे हैं।
जलवायु परिवर्तन से समुद्र और तटीय पारिस्थितिक तंत्र पर मंडरा रहे बड़े खतरे के प्रति आगाह करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इनसे निपटने के लिए गंभीर और निरंतर प्रयास करना हमारा दायित्व है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन समुद्री परिस्थितिक तंत्र के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है और दूसरी और हमारे तटों पर गंदगी भी परेशान करने वाली है। प्रधानमंत्री ने सर्जिकल स्ट्राइक को किया याद
प्रधानमंत्री ने भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकवादी शिविरों के खिलाफ 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक को याद करते हुए कहा, “आप सभी के पास 28 सितंबर को जश्न मनाने की एक और वजह भी है। जानते हैं क्या है! मैं सिर्फ दो शब्द कहूंगा लेकिन मुझे पता है, आपका जोश चार गुना ज्यादा बढ़ जाएगा। ये दो शब्द हैं- सर्जिकल स्ट्राइक। बढ़ गया ना जोश!”
पंडित दीनदयाल उपाध्याय को किया याद
प्रधानमंत्री मोदी ने देश के प्रखर मानवतावादी, चिन्तक और विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय को उनकी जयंती (25 सितंबर) पर याद करते हुए कहा कि वह देश के महान सपूत थे। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश में पनपी हीन भावना से हमें आजादी दिला कर उन्होंने बौद्धिक चेतना को जागृत किया। किसी देश के युवा जैसे-जैसे अपनी पहचान और गौरव पर गर्व करते हैं, उन्हें अपने मौलिक विचार और दर्शन उतने ही आकर्षित करते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सही पोषण और समय पर दवाइयों से टीवी का इलाज संभव है। उन्हें विश्वास है कि जनभागीदारी से प्राप्त शक्ति से वर्ष 2025 तक भारत टीबी से मुक्त हो जाएगा।
बापू की जयंती पर वोकल फॉर लोकल का संकल्प लें
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पूजनीय बापू (महात्मा गांधी) की जन्म जयंती पर हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को तेज करेंगे। त्योहारों की खुशी में स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों और व्यापारियों को शामिल करेंगे। इसके लिए खादी, हैंडलूम, हैंडीक्राफ्ट जैसे उत्पादों के साथ-साथ स्थानीय समान खरीदेंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts