मुख्तार अंसारी पर कसता शिकंजा

 पत्नी अफ्शां की सवा दो करोड़ की संपत्ति कुर्क

गाजीपुर (विनीत वत्स)।

मुख्तार अंसारी और उसके स्वजन के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। शनिवार को शहर के गोराबाजार, रजदेपुर और फुल्लनपुर में मुख्तार की पत्नी अफ्शां अंसारी की सवा दो करोड़ की भू-संपत्ति को कुर्क कर दिया।
इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक रोहन पी. बोत्रे स्वयं लीड कर रहे थे। सबसे पहले गोराबाजार की संपत्ति को कुर्क किया गया और उसके बाद फुल्लनपुर और रजदेपुर। इस दौरान भारी संख्या में फोर्स उपस्थित रही।
शहर के तीनों मुहल्ले में सुबह से ही पुलिसकर्मी पहुंचने लगे थे। इसी बीच करीब 11 बजे पुलिस अधीक्षक रोहन पी. बोत्रे भारी फोर्स के साथ गोराबाजार पहुंचे और मुख्तार की पत्नी अफ्शा की 191 वर्गमीटर भूमि को गैंगस्टर एक्ट के तहत जिलाधिकारी के आदेश पर मुनादी कराते हुए कुर्क कर दिया।
अभी दो दिन पूर्व ही अफ्शां की मुहम्मदाबाद में 50 लाख की भू-संपत्ति को कुर्क किया गया था। मुख्तार अंसारी, उसके स्वजन व करीबियों के खिलाफ हो रही ताबड़तोड़ कार्रवाई से संबंधितों में खलबली मची हुई है। इनके द्वारा अवैध तरीके से अर्जित की गई भूमि को जिला प्रशासन और पुलिस दोनों की एक-एक टीम पड़ताल कर रही है। संपत्ति को चिह्नित करने के पश्चात यह टीम अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को सौंपती है।
जिस पर जिलाधिकारी के आदेश के बाद यह कार्रवाई की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts