गंगा स्नान को आए बाप-बेटे डूबे:
पिता को बचाया गया, बेटा लापताअनूपशहर।बुलंदशहर के अनूपशहर में गंगा स्नान को आए बाप-बेटे डूब गए हैं। घाट पर लोगों ने देखा तो पिता को तो सही सलामत पानी से खींच लाए लेकिन बेटा लापता हो गया है। सूचना पर पुलिस प्रशासन भी बेटे को ढूंढने में लग गया है। हालांकि, अभी तक उसका पता नहीं चल पाया है। पीड़ित अपने परिवार के साथ रक्षाबंधन मनाने अपने घर जा रहा था।
सुबह दो बेटे, एक बेटी और पत्नी के साथ भगवानदास गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुंचे। भगवान दास अपने 11 वर्षीय बेटे के साथ नहाने लगे। तभी दोनों गहरे पानी की ओर चले गए। पहाड़ों पर हुई बारिश की वजह से गंगा में उफान भी है। ऐसे में दोनों डूबने लगे। जब परिजन चिल्लाए तो घाट पर मौजूद लोगों ने किसी तरह पानी में उतर कर भगवानदास को बाहर खींच लिया। लेकिन लोकेश का पता नहीं चला। गोताखोरों ने भी तलाश किया लेकिन लगभग 2 घंटे बीत जाने के बाद भी लोकेश का पता नहीं चल सका है।
फरीदाबाद से बदायूं जा रहा था परिवार
भगवानदास ने बताया कि वह बदायूं का रहने वाला है। फरीदाबाद में फर्नीचर का काम करता है। उसके साथ उसका परिवार भी वहीं रहता है। परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। सभी रक्षाबंधन मनाने फरीदाबाद से बदायूं जा रहे थे। बीच में अनूपशहर में गंगा घाट दिखा तो बाप बेटे ने नहाने का मन बना लिया। लेकिन किसे पता था कि यह हादसा हो जाएगा। लोकेश की मां का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिसकर्मी उन्हें लोकेश को खोजने का आश्वासन दे रहे हैं लेकिन परिवार धीरे धीरे उम्मीदें खोता जा रहा है।
इस संबंध में एसडीएम अनूपशहर वीके गुप्ता ने बताया कि मामला संज्ञान में है। गंगा में लापता किशोर लोकेश की पीएसी फ्लड प्लाटून व स्थानीय गोताखोर द्वारा तलाश कराई जा रही है। इसके अलावा कुछ स्थानीय गोताखोर भी बच्चे को ढूंढ रहे हैं।
No comments:
Post a Comment