अमित शाह ने की योगी की तारीफ
बोले- लंबे अरसे बाद यूपी में लागू हुई कानून व्यवस्थालखनऊ।मध्य क्षेत्रीय परिषद की 23वीं बैठक में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि योगी ने यूपी में कानून व्यवस्था को लंबे अरसे के बाद लागू करने का कार्य किया है। पूरी मशीनरी का अराजनीतिकरण कर बहुत अच्छे से संभाला है। यह बातें उन्होंने सोमवार को भोपाल में संपन्न हुई बैठक में कहीं।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यूपी ने सालों से लंबित सिंचाई की परियोजनाओं को पूरा किया। उनकी क्षमताओं का विस्तार किया और नई योजनाओं को शुरू किया है। इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी यूपी ने कई रोड, पुल और पुलिया बनाकर पूरे प्रदेश को जोड़ा है।
बैठक में खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री योगी नहीं पहुंच सके लेकिन उन्होंने वर्चुअली बैठक को संबोधित किया। बैठक में तीन मुद्दों को छोड़कर बाकी सभी मुद्दों का समाधान हुआ। बैठक में यह तय किया गया कि अगली बैठक ऋषिकेश में होगी और हर राज्य की ओर से किए गए अपने तीन सफल कार्यों का 10 मिनट का प्रस्तुतिकरण होगा। ताकि अच्छे कार्यों का लाभ दूसरे राज्य भी ले सकें। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यूपी में डिफेंस कारिडोर में भी बहुत कार्य हुआ है।
अमित शाह ने कहा कि एक जमाना था जब यह चारों राज्य (मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़) बीमारू राज्यों की श्रेणी में आते थे। यह हमारे लिए हर्ष का विषय है कि अब चारों राज्य इस श्रेणी से बाहर आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि सभी मुख्यमंत्रियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से बधाई देना चाहता हूं कि आपने पीएम मोदी के टीम इंडिया के कांसेप्ट को जमीन पर उतारने का कार्य अपने अपने राज्य में किया है।
सीएम योगी ने भी की शाह की तारीफ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में केंद्रीय मंत्री अमित शाह की तारीफ करते हुए कहा कि आपके नेतृत्व में देश में आंतरिक सुरक्षा आज अपने बेहतरीन स्थिति की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीम इंडिया के विजन से देश में सहकारी संघवाद की अवधारणा साकार हो रही है। इसकी एक अभिव्यक्ति ही क्षेत्रीय परिषद है।


No comments:
Post a Comment