इंफ्रा क्षेत्र में यूपी जल्द बनेगा नम्बर वनः राजनाथ सिंह
रक्षामंत्री ने किया 185 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पणलखनऊ।
रक्षा मंत्री और सांसद राजनाथ सिंह ने अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में 185 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान रक्षामंत्री ने कहा कि इंफ्रा क्षेत्र में सबसे ज्यादा काम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार कर रही है। आने वाले समय में जल्द ही यूपी इस क्षेत्र में नंबर वन होगा।बोले, अत्यधिक व्यस्तता रहने के बावजूद कोशिश करता हूँ कि जनता के बीच आता रहूं। क्योंकि जनता अपने जनप्रतिनिधि से यह अपेक्षा करती है। वह बोले, जब भी लोकार्पण करता हूँ, अटल जी की याद आती है। उनके नक्शे कदम पर मैं भी चलने की कोशिश कर रहा हूं।
रक्षा मंत्री ने कहा, लखनऊ में हर साल एक लाख वाहन बढ़ रहे हैं। ऐसे में जाम की समस्या लगातार बढ़ती जा रही। शहर में मैंने अभी तक छह फ्लाईओवर बनवाए हैं। छह और बन रहे हैं। 104 किमी का आउटर रिंग रोड का काम प्रगति पर है। इसका 70-80 फीसद काम पूरा हो चुका है। दिसंबर में लोकार्पण होगा। इंफ्रा के विकास में यूपी सबसे आगे होगा। राजनाथ सिंह ने कहा, हमारी ख्वाहिश है कि लखनऊ से लांस एंजेल्स और लन्दन की भी फ्लाइट चलनी चाहिए। लखनऊ में जल्द 5जी शुरू हो, इसके लिए काम कर रहा हूं।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद, पूर्व उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा, ऊर्जा और नगर विकास मंत्री अरविंद शर्मा और बख्शी का तालाब विधानसभा के विधायक योगेश शुक्ला सहित कई नेता मौजूद रहे।
भारत को लेकर बदल रही विश्व की सोचः राजनाथ सिंह
लखनऊ। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले आठ वर्षों में भारत को लेकर दुनिया के दूसरे देशों की सोच बदली है। हमारी प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता बढ़ी है। मैं अलग-अलग देशों की यात्रा पर जाता हूं और लोगों से बात करता हूं। मैं महसूस करता हूं कि अब भारत को लेकर विश्व की सोच बदल रही है। उन्होंने कहा कि पहले वैश्विक मंचों पर हमारी आवाज को गंभीरता से नहीं लिया जाता था पर अब जब भारत बोलता है तो पूरी दुनिया सुनती है और बहुत गंभीरता से सुनती है। यह आज के भारत की ताकत है।



No comments:
Post a Comment