द्वापर युग जैसा बनेगा ब्रज : सीएम योगी

प्रदूषित यमुना को लेकर मुख्यमंत्री ने जताई चिन्ता

मथुरा।
आगरा जाने से पूर्व मंगलवार दोपहर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरसाना स्थित ब्रज के संत विनोद बाबा से मुलाकात की और सीएम ने ब्रज के संतों की मांग पर यमुना को प्रदूषण मुक्त कराने का आश्वासन दिया। संत विनोद बाबा से लगभग 30 मिनट तक सीएम आश्रम में धार्मिक चर्चाएं करते रहे।
गौरतलब हो कि सीएम योगी आदित्यनाथ मंगलवार को गोवर्धन तहसील के कस्बा बरसाना पहुंचे। यहां पर सीएम ने सबसे पहले श्रीजी मंदिर पहुंचकर श्री राधारानी की पूजा-अर्चना की। इसके बाद ब्रज के संत विनोद बाबा से मुलाकात करने के बाद आश्रम पहुंचे।
संत विनोद बाबा ने कहा कि सीएम योगी से अध्यात्मिक तौर पर चर्चा की गई है। जल संकट के साथ ही यमुना प्रदूषण मुक्ति को लेकर भी बात की गई। सीएम ने कहा कि पीएम मोदी द्वारा योजनाएं चलाई जा रही हैं। जल्द ही समस्याओं से निजात मिलेगी। वहीं बरसाना के विकास को लेकर भी चर्चा हुई। जिस पर सीएम योगी ने कहा कि ब्रज को वही पुरानी स्थिति की ओर ले जाना है। दोबारा से द्वापर युग जैसा बनाएंगे। कुंड, सरोवर, नदियों व वन, उपवन, ब्रज के प्राचीन वृक्षों सहित ब्रज के पर्वतों को संरक्षित करने का प्रयास किया जा रहा है।
यमुना को निर्मल करना चुनौती
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना शद्धिकरण को लेकर चिन्ता जताई है। उन्होंने कहा कि यमुना जी को निर्मल बनाना चुनौती है। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि पहले वह एक कार्य योजना बनाए ताकि मथुरा जनपद क्षेत्र में यमुना को प्रदूषित और कचरा डाले जाने से बचाया जा सके। इसके लिए तत्काल कार्ययोजना बननी चाहिए। मुख्यमंत्री का कहना था कि जब हमारे यहां यमुना जी शुद्ध हो जायेंगी तब हम हरियाणा-दिल्ली सरकारों से बातचीत करेंगे।

योगी ने किए गर्भगृह में ठाकुरजी के दर्शन

मथुरा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा दौरे के दूसरे दिन की शुरुआत श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर ठाकुरजी के दर्शन के साथ की। मुख्यमंत्री मंगलवार की सुबह सबसे पहले श्रीकृष्ण जन्मस्थान स्थित केशवदेव मंदिर पहुंचे। यहां ठाकुर केशवदेव महाराज के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने गर्भगृह और योगमाया मंदिर में दर्शन किए। यहां से भागवत भवन में पहुंचे। यहां सेवायतों ने मुख्यमंत्री को विधि-विधान से पूजन अर्चन कराया। दर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री को सेवायत ने उनको भगवान का प्रसादी अंगवस्त्र और प्रसाद भेंट किया। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने उनको भगवान राधाकृष्ण की प्रतिमा भेंट की। श्रीकृष्ण जन्मस्थान से मुख्यमंत्री का काफिला गोकुल स्थित रसखान समाधि स्थल के लिए रवाना हुआ। रसखान समाधि स्थल का जीर्णोद्धार किया गया है। मुख्यमंत्री ने रसखान समाधि स्थल, ताज बीबी सहित पूरे परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने तीर्थ विकास परिषद द्वारा कराए गए विकास कार्यों की सराहना की। यहां उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री ने की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts