उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र

सरेआम अपराध सरकार को स्वीकार नहींः सीएम योगी

लखनऊ।
उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र में 18वीं विधानसभा की पहली कार्यवाही में सूबे में कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए अपनी सरकार की योजना को सीएम योगी आदित्यनाथ ने सदन में सभी के सामने रखा। उन्होंने इस दौरान साफ कहा कि अब उत्तर प्रदेश में कोई व्यक्ति सरेआम अपराध करे, इसे सरकार स्वीकार नहीं कर सकती है।
नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव के प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सूबे में अपराध किसी प्रकार का हो, वह अक्षम्य है। खासतौर पर महिला संबंधी अपराध के मुद्दे पर हमारी सरकारी पूरी गंभीरता के साथ सभी अपराधियों के खिलाफ कठोरतापूर्वक कार्रवाई कर रही है। यहां पर अब सरेआम कोई अपराध करे, यह तो सरकार को स्वीकार ही नहीं है। प्रदेश की कानून व्यवस्था देश में नजीर बनी हुई है।
सदन में नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कई सवाल पूछे।अखिलेश ने राज्य में पुलिस तंत्र को लेकर भी सत्ता से सवाल किया। उन्होंने कहा कि राज्य की पुलिस निरंकुश हो चुकी है, अब प्रदेश की पुलिस दबिश देने नहीं गुंडई करने जाती है। पुलिस ने मारा किसी और जेल किसी और को भेज दिया गया। उन्होंने सरकार से सवाल पूछते हुए कहा कि महिला अपराधों के मामले में 1090 के आंकड़े क्या कहते हैं बताइये। इस पर मुख्यमंत्री ने उनको माकूल जवाब भी दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज सरकार जीरो टालरेंस की नीति के तहत कार्रवाई कर रही है। अपराधियों पर ही सरकार कार्रवाई करती है और आज प्रदेश में महिलाएं बहुत सुरक्षित हैं और प्रत्यक्ष को किसी प्रमाण की जरूरत नहीं होती क्योंकि महिलाओं ने भाजपा को बढ़-चढ़ कर वोट किया।
सीएम योगी आदित्यनाथ इतने पर ही नहीं रुके उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में 'लड़कों से गलती नहीं होती'। इस प्रकरण को तो नेता प्रतिपक्ष भी जानते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में महिला संबंधी अपराधों पर कड़ी कार्रवाई की गई और ऐसी महिलाओं को बेहतर न्याय मिल सके इसके लिए पॉस्को कोर्ट की स्थापना की गई। पहले चुनावों में हिंसा होती थी, इस बार भी बहुत लोगों ने गर्मी दिखाने का प्रयास किया, वो गर्मी भी अब शांत हो रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान कहा कि प्रदेश में हर पर्व को शांति एवं सौहार्द के साथ मनाने में सरकार अपना भरपूर योगदान दे रही है। मैं अभिनंदन करूंगा उन सभी धर्मगुरुओं का जिन्होंने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था के साथ शांति व सौहार्द के अभियान को आगे बढ़ाने के लिए अपना योगदान दिया। सरकार की अपील पर धार्मिक स्थलों से एक लाख लाउडस्पीकर उतारे गए हैं या उनकी आवाज कम हुई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts