राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव

 जनादेश का अनादर ना करे विपक्षः सीएम योगी

लखनऊ।
उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान सदन को संबोधित किया। विधान भवन में पाचवें दिन की कार्यवाही के दौरान मंडप में मुख्यमंत्री ने इस दौरान विपक्ष को करारा हमला भी किया। उनको अपनी सरकार की प्राथमिकता से भी अवगत कराया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शायराना भी हो गए और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी तंज कसा।
सीएम योगी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष की कुछ बातों पर मुझे आश्चर्य हो रहा था। एक होता है व्यक्ति चुनावी सभाओं में बोलता है। मीठी-मीठी बातें करता है। लेकिन सदन में अगर जमीनी धरातल की बात होती तो बेहतर होता। वह तो सदन में भी वैसे ही रहते हैं। जनता जानती थी कि कौन शिलान्यास कर रहा है और कौन उद्घाटन कर रहा है। कौन राशन दे रहा है, कौन अपराधों को नियंत्रण कर रहा है। जनता जनार्दन जानती थी और इसलिए तमाम अफवाहों को दरकिनार करते हुए भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व पर विश्वास किया और सरकार को पुन: आने का अवसर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता विपक्ष का भाषण मैंने सुना। नेता विपक्ष अखिलेश यादव ने अपनी उपलब्धियां बताईं। इस दौरान सदन की गरिमा भी तार-तार हुई। उनको अब तो तो समझाना होगा कि जनता ने हमें अपना आशीर्वाद दिया। उत्तर प्रदेश की जनता ने हमें जनादेश दिया है। विपक्ष इस जनादेश का निरादर न करे तो बेहतर है। जनता को सब पता था, इसलिए हमें मौका दिया।
योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान चुटकी भी ली और कहा कि अभिमान तब होता है जब आपको लगता है कि आपने कुछ किया है। और सम्मान तब होता है जब लोग कहें कि आपने कुछ किया है। हमें अपने कार्यों से जनता जनार्दन का आशीर्वाद प्राप्त होता है। जनता का जनादेश भाजपा नेतृत्व के कार्यों के प्रति एक आशीर्वाद है। हम ढिंढोरा पीट कर नहीं कहते कि हमने पांच एक्सप्रेस वे बना दिया, एयर कनेक्टिविटी दे दी। जनता ने तमाम अफवाहों को दरकिनार कर हमको समर्थन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी बड़ी आबादी का राज्य है। हर सरकार ने कुछ न कुछ प्रयास जरूर किया होगा। लेकिन आखिर हम क्यों जनता की अकांक्षाओं का प्रतीक नहीं बन पा रहे थे। हम जीते तो ठीक, भाजपा जीते तो ईवीएम की गड़बड़ी। यह कहना जनता का अपमान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव में यहां बंगाल से एक दीदी आई थीं। जबकि उनके अपने राज्य में चुनाव के दौरान व्यापक हिंसा की घटनाएं हुईं। 242 में से 142 सीटों पर हिंसक घटनाएं घटी थीं। इसके कारण 25 हजार बूथ प्रभावित हुए थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारा मिशन सत्ता प्राप्ति नहीं, देश है। इसके लिए हमें संसदीय भावनाओं का सम्मान करना होगा। मार्च 2017 में प्रदेश में भाजपा नेतृत्व की सरकार बनी थी। डबल इंजन की सरकार ने डबल ट्रिपल गति से काम किया। ईओडीबी में दूसरे स्थान पर आए, ईज ऑफ लिविंग में शानदार काम हुआ।
उन्होंने बताया कि विधान भवन में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव में अब तक कुल 117 सदस्य भाग ले चुके हैं। सत्ता पक्ष के 67 और विपक्ष के 50 सदस्यों ने लोकतंत्र के मंदिर की गरिमा बढ़ाने का काम किया है। सभी के प्रति कृतज्ञता ज्ञापन।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts