हल्के बादलों ने गर्मी में बढ़ते तापमान पर लगाया ब्रेक

मेरठ। आसमान से बरसती आग और प्रचंड गर्मी में बढ़ते तापमान पर आज आसमान में छाए हल्के बादलों ने ब्रेक लगा दिया है। इस समय मेरठ और आसपास के जिलों में हल्के बादल छाए हैं। जिसके चलते धूप नाममात्र की है और तापमान में हल्की कमी आई है। हालांकि मौसम विभाग ने पहले ही सोमवार और मंगलवार को हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की है।

उत्तराखंड और हिमाचल के ऊपर बने पश्चिमी विक्षोभ का असर पश्चिमी उप्र के मैदानी जनपदों में पड़ना शुरू हो गया है। आज मेरठ जनपद के साथ ही आसपास के जिलों में आसमान में बादल छाए हैं। जिसके चलते आज तापमान कुछ कम और गर्मी में राहत की उम्मीद की जा रही है। हालांकि कल रविवार को भीषण गर्मी में मेरठ का तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया था। वहीं एनसीआर के जिलों का तापमान 45 डिग्री तक पहुंचा था। जबकि राजधानी दिल्ली में एक दो स्थानों पर तापमान 49 डिग्री तक पहुंच गया था। मौसम विभाग के अनुसार आज आसमान में बादलों के रहने से गर्मी कुछ कम होगी और तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि आज सुबह से हवा की रफ्तार बहुत कम हैं जिसके चलते उमस लोगों को परेशान कर रही है। उमस के कारण लोगों को पसीना निकलना कम नहीं हो रहा है। पूरे ​रविवार को गर्मी का प्रचंड प्रकोप रहा। सड़के पूरी तरह से सूनसान हो गई और लोगों ने रविवार की छुटटी का आनंद घर में ही लिया। गर्मी के कारण बाजारों में भी भीड़भाड़ काफी कम हो गई है।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts