टोक्यो में भारतीय प्रवासियों से बोले पीएम मोदी

 भारत और जापान का रिश्ता है बुद्ध, ज्ञान और ध्यान का
टोक्यो (एजेंसी)।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर जापान पहुंचे हुए हैं। सोमवार को पीएम मोदी ने टोक्यो में भारतीय प्रवासियों के साथ बातचीत करते हुए कहा कि भारत और जापान स्वाभाविक भागीदार हैं। भारत की विकास यात्रा में जापान की अहम भूमिका रही है। जापान के साथ हमारे संबंध घनिष्ठता, आध्यात्मिकता, सहयोग और अपनेपन के हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि मैं जब भी जापान आता हूं तो मुझे यहां के लोगों का बेहद प्यार मिलता है। आप में से कुछ लोग जापान में वर्षों से रह रहे हैं और इस देश की संस्कृति को अपनाया है। फिर भी, भारतीय संस्कृति और भाषा के प्रति समर्पण लगातार बढ़ रहा है। जापान से हमारा रिश्ता सामर्थ्य का है, सम्मान का है, विश्व के लिए साझे संकल्प का है। जापान से हमारा रिश्ता बुद्ध का है, बौद्ध का है, ज्ञान का है, ध्यान का है।
उन्होंने आगे कहा कि स्वामी विवेकानंद जब अपने ऐतिहासिक संबोधन के लिए शिकागो जा रहे थे, तो उससे पहले वो जापान भी आए थे। जापान ने उनके मन-मस्तिष्क पर एक गहरा प्रभाव छोड़ा था। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भारत की आशा बहनों को डायरेक्टर जनरल्स- ग्लोबल हेल्थ लीडर्स अवार्ड से सम्मानित किया है। भारत की लाखों आशा बहनें, मैटेरनल केयर से लेकर वैक्सीनेशन तक, पोषण से लेकर स्वच्छता तक, देश के स्वास्थ्य अभियान को गति दे रही हैं। जलवायु परिवर्तन आज विश्व के सामने एक महत्वपूर्ण संकट बन गया है। हमने भारत में इसके स्थाई समाधान के लिए आगे बढ़कर काम किया है।
उन्होंने कहा कि  भारत ने 2070 तक नेट जीरो के लिए प्रतिबद्धता जताई है। हमने इंटरनेशनल सोलर अलायंस जैसे वैश्विक पहल का भी नेतृत्व किया। आज दुनिया उस गति और पैमाने को महसूस कर रही है जिस पर भारत अपने बुनियादी ढांचे और क्षमता निर्माण को बढ़ा रहा है। जापान हमारी इस क्षमता के निर्माण में एक महत्वपूर्ण भागीदार है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी का ये अमृत काल भारत की समृद्धि का, भारत की संपन्नता का एक बुलंद इतिहास लिखने वाला है। मुझे जो संस्कार मिले हैं, जिन-जिन लोगों ने मुझे गढ़ा है उसके कारण मेरी भी एक आदत बन गई है। मुझे मक्खन पर लकीर करने में मजा नहीं आता है, मैं पत्थर पर लकीर करता हूं। आपने अपनी स्किल्स से, अपने टैलेंट से अपनी एंटरप्रेन्योरशिप से जापान की इस महान धरती को मंत्रमुग्ध किया है। भारतीयता के रंगों और भारत की संभावनाओं से भी आपको जापान को लगातार परिचित कराना है। मुझे विश्वास है कि आपके सार्थक प्रयासों से भारत-जापान की दोस्ती को नई बुलंदी मिले।


- 
पीएम मोदी ने एनईसी कॉर्प केअध्यक्ष से की चर्चा
टोक्यो/नई दिल्ली (एजेंसी)। पीएम मोदी ने सोमवार को टोक्यो में एनईसी कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष नोबुहिरो एंडो से मुलाकात की और भारत के दूरसंचार क्षेत्र में एनईसी की भूमिका की सराहना की। प्रधानमंत्री सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन के वरिष्ठ सलाहकार ओसामु सुजुकी और फास्ट रिटेलिंग कंपनी के चेयरमैन तदाशी यानाई से भी मिले। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट कर बताया कि दोनों नेताओं ने भारत में नई और उभरती प्रौद्योगिकियों के अवसरों पर भी चर्चा की। एंडो ने स्मार्ट शहरों, उभरती प्रौद्योगिकियों और भारत में जापानी सीखने को प्रोत्साहित करने के लिए एक अभिनव प्रयास जैसे क्षेत्रों में भारत में अवसरों के बारे में बात की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को टोक्यो में सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन के वरिष्ठ सलाहकार ओसामु सुजुकी से मुलाकात की।इनके अलावा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को टोक्यो में यूनीक्लो की मूल कंपनी फास्ट रिटेलिंग कंपनी लिमिटेड के चेयरमैन और सीईओ तदाशी यानाई से मुलाकात की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts