ट्राई की रजत जयंती पर डाक टिकट जारी
5जी तकनीक लाएगी बदलावः पीएम मोदीनई दिल्ली (एजेंसी)।
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण इस साल अपनी स्थापना की रजत जयंती मना रहा है। रजत जयंती समारोह का पीएम मोदी ने मंगलवार को शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने एक विशेष डाक टिकट जारी किया। 5जी टेक्नोलॉजी देश की गवर्नेंस में, जीने व कारोबार की सुगमता सकारात्मक बदलाव लाने वाली है।
पीएम ने कहा कि ये देश के गांवों में 5G टेक्नोलॉजी पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाएगा। इससे खेती, स्वास्थ्य, शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक्स, हर सेक्टर में ग्रोथ को बल मिलेगा। इससे सुविधा भी बढ़ेगी और रोज़गार के भी अनेक अवसर बनेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'ये सुखद सहयोग है कि भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण ने 25 वर्ष पूरे किए हैं। आज देश आजादी के अमृत काल में अगले 25 वर्ष के रोड मैप पर काम कर रहा है।
मोदी ने कहा कि आत्मनिर्भरता और स्वस्थ स्पर्धा कैसे समाज में, अर्थव्यवस्था में गुणात्मक प्रभाव पैदा करती है, इसका एक बेहतरीन उदाहरण हमारा टेलिकॉम सेक्टर है। 2जी काल की निराशा, हताशा, करप्शन, पॉलिसी पैरालिसिस से बाहर निकलकर देश ने 3जी से 4जी और अब 5जी और 6जी की तरफ तेज़ी से कदम बढ़ाए हैं।
पीएम ने कहा कि 2014 से पहले भारत में 100 ग्राम पंचायतें भी ऑप्टिकल फाइबर कनेक्टिविटी से नहीं जुड़ी थीं। आज हम करीब पौने दो लाख ग्राम पंचायतों तक ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी पहुंचा चुके हैं। कुछ समय पहले सरकार ने देश के नक्सल प्रभावित अनेक जनजातीय जिलों में 4जी सुविधा पहुंचाने की बड़ी शुरुआत की है। बीते वर्षों में सरकार जिस तरह नई सोच और एप्रोच के साथ काम कर रही है, उससे आप सभी भली-भांति परिचित हैं।


No comments:
Post a Comment