मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय, गंगानगर मेरठ में 19 मई को आयोजित होने वाले वृहद रोजगार मेला-2022 में 3835 अभ्यर्थियों को नौकरी दी जाएगी। पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष वेतन पैकेज भी अधिक है। रोजगार मेला में आठवीं पास से लेकर बीटेक, आईटीआई, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा/ अन्य डिप्लोमाधारी, बीबीए, बीसीए, एमसीए, एमबीए, एम फार्मा, नर्सिंग (जीएनएम/एएनएम), स्नातक/स्नाकोत्तर की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।
आईआईएमटी विश्वविद्यालय, गंगानगर मेरठ में वृहद रोजगार मेला-2022 का आयोजन दिनांक 19 मई 2022 को किया जा रहा है। वृहद रोजगार मेला-2022 का आयोजन आईआईएमटी विश्वविद्यालय, क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, उ0प्र0 कौशल विकास मिशन के संयुक्त तत्वाधान में किया जा रहा है। रोजगार मेला के विषय में जानकारी देने के लिये आईआईएमटी विश्वविद्यालय, गंगानगर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योगेश मोहन गुप्ता ने बताया कि 19 मई को आयोजित होने वाले वृहद रोजगार मेला में आने वाली 45 कंपनियों द्वारा 3835 अभ्यर्थियों को नौकरी दी जाएगी। पिछले वर्षों की तुलना में कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों को इस वर्ष अधिक वेतन पैकेज दिया जायेगा। स्नातक को 20 हजार तो नर्सिंग के अभ्यर्थियों को 25 हजार तक का वेतन दिया जायेगा। आठवीं पास को भी न्यूनतम 8 हजार रुपये वेतन दिया जायेगा।
कुलाधिपति योगेश मोहन गुप्ता ने बताया कि 19 मई को प्रातः 11 डीएम मेरठ द्वारा रोजगार मेले का उद्घाटन किया जाएगा। 19 मई को ही शाम 4 बजे मंत्री व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि मेरठ मंडलायुक्त सुरेन्द्र सिंह द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। कुलाधिपति जी ने कहा कि गत वर्षों की भांति रोजगार मेला के सफल आयोजन के लिये आईआईएमटी विश्वविद्यालय प्रतिबद्ध है और यहां के अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक अपना पूर्ण योगदान दे रहे हैं। कुलाधिपति योगेश मोहन गुप्ता ने लोगों से अपील की है कि वह अपने संपर्क में आने वाले बेरोजगारों को रोजगार मेला की जानकारी दें ताकि अधिक से अधिक लोगों को नौकरी पाने का अवसर मिल सके।
सहायक निदेशक सेवायोजन मेरठ मंडल शशि भूषण उपाध्याय जी ने बताया कि आईआईएमटी विश्वविद्यालय में पिछले वर्ष नवंबर माह में लगे आयोजित रोजगार मेले में 3024 अभ्यर्थियों को नौकरी दी गई थी। शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार मेरठ मंडल से प्रदेश में लगने वाले रोजगार मेलों का शुभारंभ किया जा रहा है। अभ्यर्थियों को सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण कराना आवश्यक है। जो अभ्यर्थी पहले पंजीकरण नहीं करा पाएंगे वह मेले के दिन परिसर में लगाये गये विशेष काउंटरों पर पंजीकरण करा सकते हैं। इसके लिये 10 कंप्यूटर पर बैठे आॅपरेटर पंजीकरण करवायेंगे। पंजीकरण काउंटर के माध्यम से अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता के अनुसार उपयुक्त कंपनी के अधिकारियों के पास इंटरव्यू के लिये भेजा जायेगा। मेले में कोविड-प्रोटोकाॅल का पूर्ण पालन कराते हुए अभ्यर्थियों के बीच सामाजिक दूरी, सैनेटाईजेशन, मास्क आदि का विशेष ध्यान रखा जायेगा। महिलाओं और दिव्यांगों के लिए विशेष पंजीकरण काउंटर बनाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेला के माध्यम से लक्ष्य से अधिक अभ्यर्थियों को नौकरी दी जा रही है। जिलाधिकारी मेरठ स्वयं रोजगार मेला को लेकर निर्देश जारी कर रहे हैं। मेला के सफल आयोजन के लिये मुख्य विकास अधिकारी, सहायक निदेशक सेवायोजन, उपायुक्त उद्योग, उप श्रमायुक्त, निदेशक और प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई साकेत, नगर आयुक्त, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रधानाचार्य राजकीय पाॅलीटेक्निक और उप सूचना आयुक्त को जिम्मेदारी सौंपी गयी है। एडीएम सिटी रोजगार मेला के संपूर्ण प्रभारी होेंगे।
पत्रकार वार्ता में आईआईएमटी विश्वविद्यालय की ओर से रोजगार मेला आयोजन की जिम्मेदारी संभाल रहे डीन (डीएसडब्लू) श्री नीरज शर्मा मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment