भाजपा का 42वां स्थापना दिवस
परिवारवादियों ने युवाओं के साथ किया विश्वासघातः पीएम मोदीनई दिल्ली (एजेंसी)।
भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर पीएम मोदी ने केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और देशभर के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस मौके पर मोदी ने परिवारवाद को लेकर विरोधी दलों पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि हमारे लिए राजनीति और राष्ट्रनीति साथ साथ चलते हैं, लेकिन ये भी सच्चाई है कि अभी भी देश में दो तरह की राजनीति चल रही है। एक राजनीति है परिवारभक्ति की, और दूसरी है राष्ट्रभक्ति की। परिवारवादी पार्टियों ने देश के युवाओं को भी कभी आगे नहीं बढ़ने दिया, उनके साथ हमेशा विश्वासघात किया है। आज हमें गर्व होना चाहिए कि आज भाजपा ही इकलौती पार्टी है जो इस चुनौती से देश को सजग कर रही है, सतर्क कर रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय स्तर पर और अलग-अलग राज्यों में कुछ राजनीतिक दल हैं जो सिर्फ अपने परिवार के हितों के लिए काम करते हैं। परिवारवादी सरकारों में परिवार के सदस्यों का स्थानीय निकाय से लेकर संसद तक में दबदबा रहता है। ये लोग भले ही अलग अलग राज्यों में हो, लेकिन परिवारवाद के तार से जुड़े रहते हैं। एक दूसरे के भ्रष्टाचार को ढककर रखते हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि स्थापना दिवस तीन वजहों से बहुत महत्वपूर्ण हो गया है। पहला- देश की आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। दूसरा कारण- तेजी से बदलती वैश्विक परिस्थितियां, बदलता हुआ ग्लोबल ऑर्डर। इसमें भारत के लिए लगातार नई संभावनाएं बन रही हैं। तीसरा कारण- कुछ समय पहले चार राज्यों में भाजपा की डबल इंजन सरकार वापस लौट गई हैं। तीन दशकों बाद राज्यसभा में किसी पार्टी की संख्या 100 पर पहुंची है।
मोदी ने कहा कि हमारे देश में दशकों तक कुछ राजनीतिक दलों ने सिर्फ वोटबैंक की राजनीति की। कुछ लोगों को ही वायदे करो, ज्यादातर लोगों को तरसाकर रखो, भेदभाव-भ्रष्टाचार ये सब वोटबैंक की राजनीति का साइड इफेक्ट था, लेकिन भाजपा ने इस वोटबैंक की राजनीति को ना सिर्फ टक्कर दी है, बल्कि इसके नुकसान, देशवासियों को समझाने में भी सफल रही है। हमारी सरकार राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हुए काम कर रही है।
No comments:
Post a Comment