जहांगीरपुरी के बाद अयोध्‍या में माहौल खराब करने की साजिश
 धर्मस्थल पर आपत्तिजनक वस्तु फेंकने में सात ग‍िरफ्तार

अयोध्या।धर्मस्थलों के बाहर आपत्तिजनक वस्तुएं फेंक कर शहर का माहौल बिगाड़ने की साजिश 11 लोगों ने मिलकर रची थी। हनुमान जन्मोत्सव पर दिल्ली के जहांगीरपुरी में शोभायात्रा पर हुए पथराव से क्षुब्ध होकर आरोपितों ने यह षड़यंत्र रचा था। आपत्तिजनक वस्तुएं फेंकने में शामिल रहे सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
गुरुवार को आईजी रेंज केपी सिंह एवं एसएसपी शैलेश पांडेय ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में घटना का अनावरण किया। आईजी रेंज ने बताया कि गत 26 अप्रैल की देर रात शहर में समुदाय विशेष के कुछ धर्मस्थलों के बाहर आपत्तिजनक वस्तुएं फेंक कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया था। प्रकरण संज्ञान में आने के बाद एसएसपी शैलेश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इसके अनावरण के लिए लगाया गया था।
टीम के अथक प्रयास से वारदात में लिप्त सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार लोगों में मुख्य साजिशकर्ता खोजनपुर निवासी महेश मिश्र, आवास विकास कालोनी अमानीगंज निवासी प्रत्यूष श्रीवास्तव, रीडगंज हमदानीकोठी निवासी नितिन कुमार, नाका मुरावनटोला निवासी दीपक कुमार गौड़, हौसिलानगर निवासी बृजेश पांडेय, सिविल लाइन आफिसर हास्टल निवासी विमल पांडेय व सआदतगंज निवासी शत्रुघ्न प्रजापति शामिल हैं।
चार दिन से रचा जा रहा था षड़यंत्र
एसएसपी शैलेश पांडेय ने बताया कि आरोपित चार दिन से षड़यंत्र रच रहे थे। आरोपितों की ओर से फेंके गए पत्रक में इसका उल्लेख था कि वह दिल्ली के जहांगीरपुरी में हनुमान जन्मोत्सव पर हुए उपद्रव को लेकर क्षुब्ध थे। बृजेश पांडेय के आवास में महेश मिश्र ने सभी के साथ बैठकर साजिश रची। महेश ने लालबाग से फ्लैक्स एवं पत्रक खरीदा। प्रत्यूष ने चौक से धार्मिक ग्रंथ एवं टोपी भी खरीदी। आकाश ने मांस का प्रबंध किया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में महेश मिश्र, नितिन और विमल पांडेय का आपराधिक इतिहास भी है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों पर गैंगस्टर एवं एनएसए की भी कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली नगर एवं कैंट पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच को भी छानबीन में लगाया गया था।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts