मुजफ्फरनगर में चाचा-भतीजे की हत्या
 डोल के विवाद में गांव के चौकीदार ने मार दी गोली
- पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे

मुजफ्फरनगर।
मुजफ्फरनगर जिले में शनिवार को डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। जिले के जानसठ के अरोड़ा गांव में डोल के विवाद में गांव के चौकीदार ने चाचा और भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना में तीन अन्य भी घायल हुए हैं। मृतकों में शिव शंकर पुत्र राम किशन और उसका भतीजा नकुल पुत्र दिनेश शर्मा शामिल है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मकहमे में हड़कंप मच गया और अधिकारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी ले रही है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को शिव शंकर शर्मा (48) अपने भतीजे नकुल (30) के साथ खेत पर गया था। खेत की मेढ़ से पॉपुलर का पेड़ काट लिए जाने के कारण परिवार के ही जगेश शर्मा और उसके बेटे से दोनों की कहासुनी हो गई। जगेश गांव का पुलिस चौकीदार भी है। विवाद बढ़ने पर चौकीदार अपने बेटे के साथ खेत पर बने मकान पर चला गया और लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग करने लगा। वहीं गोली लगने से चाचा-भतीजे की मौत हो गई। बीच-बचाव के लिए आए शिव शंकर के भतीजे विकास और भरत भी गोली लगने से घायल हुए हैं। पास के ही खेत में काम कर रही सावित्री नाम की महिला को भी छर्रे लगे।
पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। इस संबंध में कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। हत्‍याकांड के बाद आसपास के लोग दहशत में हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts