बड़वानी।  मध्यप्रदेश के इंदौर स्थित पुरातत्व विभाग ने बड़वानी जिले के सेंधवा अनु विभाग में डायनासोर के अंडे मिलने का दावा किया है।इंदौर स्थित पुरातत्व विभाग के उप संचालक डॉ डीपी पांडे ने बताया कि पिंड मिलने की सूचना पर उन्होंने वन विभाग की टीम के साथ सेंधवा अनु विभाग क्षेत्र का दौरा किया और वरला क्षेत्र में 25 से 70 किलो वजन के 6 अंडाकार आकृति के फॉसिल्स पिंड पाये। उन्होंने दावा किया कि यह करोड़ो वर्ष पुराने डायनासोर के अंडे हैं। उन्होंने कहा कि यह करीब एक करोड़ वर्ष पूर्व पुराने हैं। उन्होंने बताया कि इन्हें संरक्षित कर संग्रहालय में रखा जाएगा।

उधर जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर जनरल और देश के प्रसिद्ध पुराजीव शास्त्री डॉ धनंजय मोहाबे ने ‘यूनीवार्ता’ से फोन पर चर्चा में इनके छायाचित्र देखने के बाद पुरातत्व विभाग के दावे को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उक्त संरचनाएं अलग-अलग आकार की हैं और ज्वालामुखी के लावे से बने बेसाल्ट पिंड है। उन्होंने कहा कि अंडाकार पिंड बेसाल्ट चट्टान की है जिसमें 'ओनियन पील स्ट्रक्चर' (प्याज़ के छिलके नुमा कवच) पैदा हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के धार क्षेत्र में कई वर्ष पूर्व अवश्य डायनासोर के अंडे मिले थे। उन्होंने कहा जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने की बजाय पुरातत्व विभाग द्वारा सेंधवा क्षेत्र में किए जा रहे दावे का विधिवत परीक्षण आवश्यक है।

धार जिले में डायनासोर के अंडों की खोज करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा कर इस विषय पर तीन रिसर्च पेपर लिखने वाले विशाल वर्मा ने भी स्पष्ट किया कि सेंधवा अनुविभाग में पायी गयीं पाषाण रचनाएं डायनासोर के अंडे नहीं है। उन्होंने कहा कि उस समय जो ज्वालामुखी लावे के मैग्मा के ठंडा होने से संरचनाएं बनती हैं यह गोलाकार पिंड उनमें से एक है। उन्होंने कहा कि यह प्याज जैसी परतदार होती है ऊपर की परतें अपेक्षाकृत कमजोर व भीतर की कठोर होती हैं । इस तरह की संरचनाएं, जहां बेसाल्टिक मुरम मिलती है, वहां पाया जाना सामान्य बात है। दक्कन का व मालवा का पठार मूलतः बेसाल्ट के लावे से ठंडा होने से बना है और भारत के डायनासोरों के विलुप्त होने में इन्हीं ज्वालामुखी उद्गारों की भूमिका रही है।आयुक्त, पुरातत्व विभाग भोपाल शिल्पा गुप्ता का कहना था कि फिलहाल उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। डायनासोर के अंडों के बारे में विशेषज्ञ ही अंतिम निष्कर्ष प्रदान कर सकते हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts