मीरांपुर में प्रशांत गुर्जर, चरथावल में नरेन्द्र कश्यप व पुरकाजी में अनिल कुमार के पुतले जलाये

मुजफ्फरनगर। जनपद में भाजपा व  गठबंधन प्रत्याशियों की सूची जारी होने के साथ ही विरोध भी जमकर हो रहा है और कई जगह उनके पुतले भी फूंके जा रहे है। मीरांपुर से भाजपा प्रत्याशी पर तो पैसे देकर टिकट लेने के गंभीर आरोप भी भाजपा के ही कार्यकर्ता लगा रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी प्रशांत गुर्जर का क्षेत्र में सबसे अधिक विरोध किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि पहले भी अवतार भडाना को जिताया था, लेकिन बाहरी होने के कारण जनता के साथ अवतार भडाना ने बेहद रूखा व्यवहार किया है। इसके अलावा चरथावल से भाजपा प्रत्याशी नरेन्द्र कश्यप को लेकर भी विरोध देखने को मिला है और कई जगह पुतले जलाये गये हैं। पुरकाजी में भी गठबंधन प्रत्याशी अनिल कुमार का विरोध शुरू हो गया है।

मीरापुर विधानसभा सीट से पेराशुट से उतारे गये भाजपा प्रत्याशी के विरूद्ध  मोरना, भोपा, शुकतीर्थ, बिहारगढ़, मजलिसपुर तोफिर, हाजीपुर, इलाहाबास  सहित करीब दर्जनों गांव में युवा कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया।  प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं से

पुलिस ने जोर जबरदस्ती करते हुए धक्का-मुक्की की। युवा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कानूनी कार्यवाही करने की चेतावनी दी। मोरना ब्लॉक क्षेत्र में करीब दर्जनों गाँव में भाजपा पार्टी की ओर से मीरांपुर विधानसभा सीट पर पेराशुट से उतारे गये प्रत्याशी प्रशांत गुर्जर के विरूद्ध भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर प्रदर्शन किया। युवा भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि बाहरी व्यक्ति आमजन मानस की समस्याओं, परेशानियों को समझ नहीं पाता, जिसके कारण आज तक  मीरांपुर विधानसभा सीट का विकास नहीं हो पाया। बाहरी लोग आते  है और जीतकर पांच साल तक क्षेत्र की ओर ध्यान देने की हिमाकत तक नहीं करते। वैष्णवी आश्रम शुक्रताल में साधु संतों द्वारा बाहरी प्रत्याशी का जोरदार विरोध किया गया तथा शुक्रताल में बाहरी प्रत्याशी का पुतला लेकर जमकर नारेबाजी की तथा पुतले को लेकर शुक्रताल के बस स्टैंड पर पहुंचे, तो साधु-संतों से पुतले को पुलिस द्वारा छीन लिया गया। क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा पार्टी पर पैसे लेकर टिकट देने का आरोप लगाया गया है। उनका कहना है कि अगर पार्टी द्वारा पैसे लेकर टिकट दिया जाता है, तो मीरांपुर की जनता अपने क्षेत्र के प्रत्याशी के लिए प्रशांत गुर्जर से डबल पैसा देने को तैयार है, वहीं भोपा थाना प्रभारी पंकज राय व्  पुलिस की टीम ने जगह-जगह पुतला फूंक रहे युवाओं व कार्यकर्ताओं से जोर जबरदस्ती धक्का मुक्की करते पुतले को छीन लिया। पुलिस ने युवाओं को पीछे हटा दिया। सीओ भोपा गिरजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि जिन गांव में पुतले जलाये गए हैं, उन्हें वीडियो के आधार पर चिन्हित किया जा रहा है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

चरथावल में भाजपा प्रत्याशियों की सूची जारी होने से पहले ही विरोध शुरू हो गया है। चरथावल क्षेत्र में कई स्थानों पर सम्भावित प्रत्याशी नरेंद्र कश्यप का विरोध किया गया और पुतला भी फूंका गया गया।  चरथावल विधानसभा क्षेत्र में भाजपा द्वारा संभावित प्रत्याशी नरेंद्र कश्यप को बनाए जाने कीसूचना पर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। कस्बा चरथावल एवं कसौली में भाजपा पदाधिकारियों ने नरेंद्र कश्यप का पुतला फूंकते हुए नरेंद्र कश्यप को समाज का हत्यारा बताया है, वही विधानसभा के बघरा में महिलाओं ने नरेंद्र कश्यप का पुतला फूंकते हुए सपना कश्यप को प्रत्याशी बनाए जाने की मांग उठाई।

मुजफ्फरनगर के चरथावल विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के द्वारा नरेंद्र कश्यप को बीजेपी का संभावित प्रत्याशी बनाए जाने की सूचना पर भाजपा कार्यकर्ताओंं ने एकटठा होकर नरेंद्र कश्यप का पुतला फूंका, साथ ही बीजेपी के संभावित प्रत्याशी नरेंद्र कश्यप को समाज का हत्यारा बताया। भाजपा नरेंद्र कश्यप मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए कहा कि बाहरी प्रत्याशी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा, इसके अलावा विधानसभा के बघरा में महिलाओं ने नरेंद्र कश्यप का पुतला फूंकते हुए सपना कश्यप को प्रत्याशी बनाए जाने की मांग उठाई।

बघरा बस स्टैंड पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा घोषित संभावित प्रत्याशी नरेंद्र कश्यप के पुतले का दहन किया गया, जिसमें प्रतिभा कश्यप ने बताया कि जबसे नरेंद्र कश्यप के नाम पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चर्चा की गई है, तभी से कश्यप समाज और अन्य समाज में नरेंद्र कश्यप का बहुत विरोध चल रहा है, जो आज बघरा बस स्टैंड पर देखा गया। महिलाओं ने बताया कि  जिसने अपने घर में महिला की हत्या की हो, वो हमें क्या सम्मान देगा।  आज कश्यप समाज सहित अन्य समाज की महिलाओं ने उसे सड़कों पर पुतला फूंककर विरोध  साबित किया। कश्यप समाज की महिलाओं ने बताया अगर भारतीय जनता पार्टी टिकट नहीं बदलती है , तो नरेंद्र कश्यप के खिलाफ उग्र आंदोलन होगा, जिसमें पूनम कश्यप, राखी कश्यप, सविता उपाध्याय, प्रीति बालियान, शिवानी प्रजापति, सरोज, दीपा कुमारी आदि सैंकड़ों महिलाएं उपस्थित रही।

पुरकाजी में क्षेत्र के जिम्मेदार लोगों की एक बैठक हुई, जिसमें विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई और सभी ने एक सुर में गठबंधन प्रत्याशी अनिल कुमार का जोरदार विरोध किया गया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने कहा है कि क्षेत्र में में पूर्व विधायक अनिल कुमार का विरोध है और अगर सपा व लोकदल गठबंधन से टिकट बदला नहीं गया, तो क्षेत्रवासी गठबंधन का विरोध करेगा और अनिल कुमार को हराने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाएगा। क्षेत्रवासियों ने अनिल कुमार मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब यह सीट लोकदल के खाते में गई है, तो उम्मीदवार सपा का नहीं चलेगा, उम्मीदवार भी राष्ट्रीय  लोकदल का ही होना चाहिए। सब लोगों ने एकजुट होकर अनिल कुमार  को हराने का संकल्प लिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts