वरिष्ठ पत्रकार डाॅ. रविंद्र राणा और पुष्पेंद्र कुमार ने बताए पत्रकारिता के अनछुए पहलू
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में दो दिवसीय व्याख्यान माला का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पत्रकार डाॅ0 रविंद्र राणा और वरिष्ठ पत्रकार तथा आमात्य आईएएस-पीसीएस में शिक्षक पुष्पेंद्र कुमार ने छात्रों के साथ अपना अनुभव साझा किया। पाठ्यक्रम के इतर अपने क्षेत्र के दिग्गजों से सीधे वार्तालाप का अवसर छात्रों को पत्रकारिता के अनछुए पहलू जानने का अवसर मिल रहा है। दो दिवसीय व्याख्यान माला में पत्रकारिता के अलावा कंप्यूटर्स और मैनेजमेंट के छात्रों ने भी हिस्सा लिया।
व्याख्यान माला के पहले दिन वरिष्ठ पत्रकार और आमात्य आईएएस-पीसीएस कोचिंग से जुड़े पुष्पेंद्र कुमार ने छात्रों के साथ सीधा संवाद किया। इतिहास और अंतरराष्ट्रीय विषयों पर गहरी पकड़ के अलावा पुष्पेंद्र कुमार लंबे समय से पत्रकारिता जगत से जुड़े हैं। पत्रकारिता के छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने करेंट अफेयर्स के साथ-साथ मीडिया की भूमिका और कर्तव्यों पर भी पैनी नजर रखने की सलाह दी।
दूसरे दिन के व्याख्यान के लिए 16 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र मंे कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार डाॅ0 रविंद्र राणा को आमंत्रित किया गया। जमीन से जुड़ी पत्रकारिता की तकनीकों को समझाते हुए डाॅ0 रविंद्र राणा ने अपने अनुभव छात्रों के साथ साझा किए। छात्रों को अभी से सोशल मीडिया पर एक्टिव होने और पत्रकारिता जगत की हस्तियों के साथ संपर्क में रहने की सलाह देते हुए राणा ने अपनी पत्रकारिता के कुछ अनुभव विद्यार्थियों के बीच साझा किए।
डिजिटल दौर में पत्रकारिता की बारीकियां समझाते हुए डाॅ0 रविंद्र राणा ने छात्रों को मीडिया संस्थानों पर गहरी पकड़ बनाने के गुर सिखाए। उन्होंने छात्रों को अखवार की दुनिया को बारीकी से समझने के लिए अपने संस्थान में आने और चीजों को गहराई से समझने के लिए आमंत्रित भी किया। दो दिवसीय व्याख्यान माला में पत्रकारिता के छात्रों के अलावा बाकी विभागों के छात्रों ने भी हिस्सा लिया।
पत्रकारिता एवं जन संचार विभाग के डीन प्रोफेसर बीएस निगम ने पाठ्यक्रम से इतर इस तरह के क्रियाकलाप की जरूरत समझाते हुए बताया कि आने वाले दिनों में छात्रों के लिए दोबारा इस तरह की शिक्षाप्रद गतिविधियां रखी जाएंगी। डीन प्रोफेसर बीएस निगम और वरिष्ठ शिक्षक डाॅ0 नरेन्द्र मिश्रा ने दोनों अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
पत्रकारिता एवं जन संचार विभाग के विभागाध्यक्ष विशाल शर्मा ने व्याख्यान को छात्रों के साथ शिक्षकों के लिये भी लाभप्रद बताया। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक सचिन गोस्वामी और डा0 विवेक सिंह ने किया। सफल आयोजन में शिक्षक पृथ्वी सेंगर, विभोर गौड़, निशांत सागर, ज्ञानप्रकाश आदि का विशेष योगदान रहा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts