अब जनता नहीं, डरते हैं अपराधीः सीएम योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में वैश्य समाज के प्रतिनिधियों को संबोधित करने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिकता से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपने शासन काल में समाज के सभी वर्ग को भय मुक्त किया है। अब प्रदेश में लोग नहीं बल्कि अपराधी डरते हैं। एनकाउंटर के डर से थाना में जाकर सरेंडर करते हैं। व्यापरी भय मुक्त होकर अपने धंधे को आगे बढ़ाने में लगा है। भारतीय जनता पार्टी ने हर वर्ग से जो भी कहा उसको करके दिखाया है। प्रदेश में तो 2017 के पहले प्रदेश के अंदर सबसे खराब स्थिति थी। जगह-जगह पर गुण्डा टैक्स वसूला जाता था।
सीएम ने कहा कि शामली के कैराना व मुजफ्फरनगर के कांधला में लोग पलायन कर चुके थे। भाजपा के शासन में आने के बाद अधिकारियों ने जाकर इनके परिवार को समझाया और सभी ने वापसी की। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत 2017 में जो वादा किया था, उसे भाजपा अक्षरश: लागू कर रही है। आज प्रदेश भय मुक्त है, दंगा मुक्त है, अपराध मुक्त है, भ्रष्टाचार मुक्त है।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज कुंभ में 24 करोड़ श्रद्धालु आए। यह हमारे लिए अध्ययन का विषय भी था कि इससे हमारी इकोनॉमी पर क्या असर पड़ा है? अभूतपूर्व परिवर्तन आया है।
सम्मेलन में केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल के साथ डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह तथा पूर्व राज्यसभा सदस्य नरेश अग्रवाल ने भी भाजपा वैश्य-व्यापारी महासम्मेलन को संबोधित किया। विधायक नितिन अग्रवाल, उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी आदि ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल, महामंत्री जेपीएस राठौर, अशोक अग्रवाल और मेरठ के पूर्व विधायक अमित अग्रवाल आदि मौजूद थे।

यूपी में सिफारिश नहीं लगानी पड़तीः पीयूष गोयल
केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि मैं तो उद्योग मंत्रालय देखता हूं और देश विदेश के व्यापारियों से मिलता हूं। वो सभी यही कहते हैं कि अब हम भी उत्तर प्रदेश में उद्योग लगाना चाहते हैं। योगी आदित्यनाथ ने आज उत्तर प्रदेश में ऐसा माहौल दिया है। आज यूपी में किसी भी काम के लिए सिफारिश नहीं लगानी पड़ती। सभी के काम आसानी से होते हैं। समाज की अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक के काम हो रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts