राज्यपाल कलराज मिश्र ने नए मंत्रियों को शपथ दिलाई
जयपुर (एजेंसी)। राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने रविवार को 11 कैबिनेट और चार राज्यमंत्रियों को शपथ दिलाई।
हेमाराम चौधरी, महेंद्रजीत सिंह मालविया, रामलाल जाट, महेश जोशी, विश्वेंद्र सिंह, रमेश मीणा, ममता भूपेश, भजन लाल जाटव, टीकाराम जूली, गोविंद राम मेघवाल व शकुंतला रावत ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। वहीं, बृजेंद्र सिंह ओला, मुरारी लाल मीणा, राजेंद्र गुड्डा और जाहिदा खान ने राजस्थान के राज्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलौत भी मौजूद रहे। इससे पहले कलराज मिश्र और मुख्यमंत्री अशोक गहलौत जयपुर में राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे। वहीं, मंत्रिमंडल के पुनर्गठन के तहत नए मंत्रियों के शपथ लेने से पहले प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी विधायकों की बैठक हुई। मंत्रिमंडल में 15 नए मंत्रियों ने शपथ ली। मंत्रिमंडल विस्तार में 11 कैबिनेट मंत्री व चार राज्य मंत्री हैं। कैबिनेट में 12 नए चेहरे शामिल हुए हैं, जिसमें पांच चेहरे सचिन पायलट खेमे के हैं। इधर, कैबिनेट फेरबदल पर कांग्रेस विधायक शफिया जुबैर ने कहा कि महिलाओं को 33 फीसद आरक्षण नहीं मिला। वहीं, टीकाराम पर कांग्रेस में ही विरोध शुरू हो गया है।
इस बीच, अशोक गहलोत ने कहा जिन्हें कैबिनेट में शामिल नहीं किया जा सका, उनकी अहमियत कम नहीं हुई है। पिछले 35 महीने में हमारी सरकार ने प्रदेश को संवेदनशील, पारदर्शी व जवाबदेह सुशासन देने का कार्य किया है। तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद हमारी सरकार ने प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है।
दलितों, पिछड़ों का प्रतिनिधित्व बढ़ाः सचिन पायलट
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि नई कैबिनेट में चार दलित मंत्रियों को जगह दी गई है। हमारी पार्टी चाहती है कि दलित, उपेक्षित, पिछड़े लोगों का प्रतिनिधित्व हर जगह होना चाहिए। काफी समय से हमारी सरकार में दलितों का प्रतिनिधित्व नहीं था, अब भरपाई की है। आदिवासियों का भी प्रतिनिधित्व बढ़ाया गया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts