घर से मंदिरों तक हुआ कन्या पूजन
 
मेरठ। नवरात्र के मौके पर आज अष्टमी का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाया जा रहा है। मंदिरों में माता का श्रृंगार, भोग व आरती का आयोजन किया गया। महानगर की  कॉलोनी, मोहल्लों व अपार्टमेंट में पूजन के लिए कन्याओं को लोग ढूंढते रहे। कुछ इलाकों में एक ही कन्या का पूजन कर उसमें देवी के नौ स्वरूप का ध्यान किया गया। वहीं घर-घर में भी कन्याओं के लिए परोसा भेजा गया।
अष्टमी पर सुबह सवेरे मंदिरों में श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। मां का भव्य श्रृंगार कर आरती कर भोग लगाया गया। मनसा देवी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण व्यवस्था बनाने में मंदिर समिति के पसीने छूट गए। तड़के से लगी कतार का अंतिम छोर भी कालिया गढ़ी तक जा पहुंचा। वेस्ट एंड रोड स्थित अन्नपूर्णा मंदिर में सुबह सवेरे कन्या पूजन हुआ इसके बाद जरूरतमंदों को भोजन कराया गया। काली मंदिर, गोल मंदिर, मनसा देवी आदि मंदिरों में पूजन के बाद कुछ श्रद्धालु रिक्शा-ठेले और गाड़ियों से भोजन बनाकर भंडारे के लिए पहुंचे। गोल मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित श्रीदत्त शर्मा ने कहा कि श्रद्धालुओं ने माता को श्रद्धा भक्ति भाव से भोग लगाया। इसके बाद जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया गया। गोल मंदिर के मैनेजिंग ट्रस्टी राजीव गौड़ ने भी बताया कि अष्टमी पूजन कर प्रसाद वितरण किया गया।
इसके अलावा प्रह्लाद नगर, ब्रह्मपुरी, फूल बाग कालोनी, कैलाशपुरी, नेहरू नगर, सूरजकुंड, लोहिया नगर, सुभाषनगर, पूर्वा अहिरान, जगन्नाथपुरी, बेगमबाग, सदर, रजबन, लालकुर्ती, देवपुरी, जैन नगर, शताब्दीनगर, रिठानी, आदि इलाकों से भी लोगों ने जरूरतमंदों को प्रसाद बांटा। कुछ लोग अपने संसाधनों से पहुंचे और भोजन वितरण के साथ ही दान किया। कुष्ठ रोगियों, वृद्ध आश्रम व अनाथालयों के साथ ही सड़क किनारे झुग्गी झोपड़ीं में भी लोगों ने मदद पहुंचाई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts