रंगमंच के भीष्म पितामह स्व.शांति स्वरूप वर्मा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि
-वर्मा जी की याद में मेरठ में होते रहेंगे रंगमंच के कार्यक्रम: अवनि वर्मा
मेरठ। मेरठ में इप्टा की शुरूआत करने वाले रंगमंच के भीष्म पितामह स्व.शांति स्वरूप वर्मा जी को यहां आयोजित एक कार्यक्रम में भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर इप्टा मेरठ के कलाकारों ने विख्यात नाटक ‘सिहासन खाली है’ का मंचन कर दर्शकों का मन मोह लिया।
गढ़ रोड स्थित बुद्धा गार्डन में मेरठ इप्टा के कर्णधार एवं उत्तर प्रदेश इप्टा के पूर्व उपाध्यक्ष स्व.शांति स्वरूप वर्मा जी को श्रद्धांजलि देने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर इप्टा के नेशनल ज्वाइंट सेक्रेटरी दिलीप रघुवंशी, राष्ट्रीय महासचिव राकेश कुमार, सलाहकर विजय भोला उपस्थित रहे। इस मौके पर सुनील कुमार द्वारा लिखित विख्यात नाटक ‘सिहासन खाली है’ का मंच किया गया, जिसमें इप्टा मेरठ के कलाकारों ने अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का मन मोह लिया।
मेरठ इप्टा की निर्देशिका एवं अभिनेत्री व कार्यक्रम की संचालिका अवनि वर्मा ने बताया कि अलीगढ़ में जन्में श्री शांति स्वरूप वर्मा जी मात्र सात वर्ष की आयु में मेरठ आ गए थे। विख्यात अभिनेता श्री ए.के. हंगल के मार्ग दर्शन में उन्होंने मेरठ में इप्टा की शुरुआत की। संचालिका ने बताया श्री वर्मा जी ने अपना संपूर्ण जीवन रंगमंच को समर्पित कर दिया और भारत के उच्चतम कलाकारों के साथ मंच साझा करते हुए रंगमंच की दुनिया में प्रसिद्धि प्राप्त की। श्री वर्मा जी को रंगमंच के क्षेत्र में भीष्मपितामह की उपाधि से नवाजा गया। श्री वर्मा जी ने अपने संपूर्ण जीवन में रंगमंच को बेहतरीन कलाकार दिए। शांति स्वरूप वर्मा जी का जाना रंगकर्मियों के लिए बहुत बड़ी क्षति है। संचालिका अवनि वर्मा ने बताया कि उचित समय अंतराल पर मेरठ में रंगमंच का आयोजन होता रहेगा और श्री शांति स्वरूप वर्मा जी के सपने को साकार किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य तौर पर वरिष्ठ रंगकर्मी अशोक मेहरा, अनिल भौमिक रंजन, संजीव मालिक, रमेश खन्ना, हरिओम शर्मा, सुरेंद्र कौशिक, दीपक मित्तल, आलोक अग्रवाल, के.पी. सिंह, भारत भूषण शर्मा, हर्ष वर्मा, धीरज आहूजा, विरेश शर्मा, नरेश उपाध्याय शामिल हुए। कार्यक्रम सफल बनाने में संयम वर्मा, हरीश वर्मा, क्षितिज, धैर्य, अमन अब्बासी, रजत, संजीव, राजीव एंजेल, कुमारी श्री कश्यप, राधिका शर्मा, अक्षत आदि का सहयोग रहा।

No comments:
Post a Comment