11 हाईकोर्ट के 15 जजों का हुआ तबादला
नई दिल्ली (एजेंसी)। उच्च न्यायपालिका में व्यापक फेरबदल करते हुए सरकार ने 11 हाईकोर्ट के 15 जजों का तबादला किया है। विधि मंत्रालय ने ट्विटर पर स्थानांतरण और पोस्टिंग की सूची जारी की है। एक पखवाड़े पहले सुप्रीम कोर्ट कोलेजियम ने इन तबादलों की सिफारिश की थी।
न्याय विभाग की तरफ से ट्वीट की गई सूची के मुताबिक पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के जस्टिस जसवंत सिंह को ओडिशा हाईकोर्ट भेजा गया है। वहीं, राजस्थान हाईकोर्ट की जस्टिस सबीना को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट स्थानांतरित किया गया है। ओडिशा हाई कोर्ट के जस्टिस संजय कुमार मिश्र को उत्तराखंड हाईकोर्ट भेजा गया है, जबकि, जस्टिस मनिंद्र मोहन श्रीवास्तव का छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से राजस्थान हाईकोर्ट स्थानांतरण किया गया है। इसी तरह जस्टिस अशनुद्दीन अमनुल्ला को पटना हाई कोर्ट से आंध्र प्रदेश, जस्टिस उज्ज्वल भुयान को बांबे हाईकोर्ट से तेलंगाना हाईकोर्ट भेजा गया है।
गुजरात हाईकोर्ट के जस्टिस परेश आर. उपाध्याय का तबादला मद्रास हाई कोर्ट और तेलंगाना हाईकोर्ट के जस्टिस एमएसएस रामचंद्र राव का स्थानांतरण पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट किया गया है। इसी तरह जस्टिस अरिंदम सिन्हा को कलकत्ता हाईकोर्ट से ओडिशा हाईकोर्ट, जस्टिस एएम बदर को केरल हाईकोर्ट से पटना हाईकोर्ट भेजा गया है।
इलाहाबाद हाई कोर्ट के चार जजों जस्टिस यशवंत वर्मा, जस्टिस विवेक अग्रवाल, जस्टिस चंद्रधारी सिंह और जस्टिस रवि नाथ तिलहरी का क्रमश: दिल्ली हाईकोर्ट, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट और आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट तबादला किया गया है। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts