जनपद के 11 ऑक्सीजन प्लांट शामिल
मेडिकल कालेज के सभागार में दिखाया गया उद्घाटन का लाइव प्रसारण
मेरठ, 7 अक्टूबर 2021। कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए केन्द्र सरकार ने पूरी तरह कमर कस ली है। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऋषिकेश के एम्स में प्रदेश भर में पीएम केयर फंड से बनाये गये 1150 ऑक्सीजन प्लांट का वर्चुअल उद्घाटन किया, जिसमें मेरठ जनपद के 11 ऑक्सीजन प्लांट शामिल हैं। इसमें चार शहरी क्षेत्र में हैं जबकि सात ग्रामीण क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्थापित हैं। लाला लाजपत राय मेडिकल कालेज के सभागार में ऋषिकेश में किये गये वर्चुअल उद्घाटन को लाइव दिखाया गया ।
इस अवसर पर जिलाधिकारी के. बालाजी ने बताया जनपद मेरठ में एक हजार लीटर प्रति मिनट (एलपीएम) क्षमता वाला ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट लाला लाजपत राय मेडिकल कालेज, एक हजार एलपीएम क्षमता वाला ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट प्यारे लाल शर्मा जिला अस्पताल व 250 एलपीएम क्षमता वाला ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट कैंट अस्पताल में पीएम केयर फंड से बनाया गया है। उन्होंने बताया जनपद में अन्य संसाधनों से आठ ऑक्सीजन जनेशन प्लांट बनाये गये, जिनका उद्घाटन गुरुवार को जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अखिलेश मोहन ने बताया अगर कोरोना की तीसरी लहर आती है तो अस्पतालों में उपचार के पूरे इंतजाम हैं। उन्होंने बताया जिले में मेडिकल कालेज, पीएल शर्मा जिला अस्पताल, सरधना, मवाना, हस्तिनापुर एवं किठौर में पीडियाट्रिक आईसीयू बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त निजी चिकित्सालयों में भी व्यवस्था की गयी है।
ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट के नोडल अधिकारी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विश्वास चौधरी ने बताया सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर ऑक्सीजन की व्यवस्था पहले से की जा चुकी है। मेरठ में 13 सरकारी चिकित्सालयों में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट लगाये गये हैं। इसके अतिरिक्त 12 निजी चिकित्सालयों में भी जनरेशन प्लांट लगाये गये हैं, जिससे ऑक्सीजन की कमी न रहे। सभी जगह 100 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने बताया पीएम मोदी ने जिन ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट का उद्घाटन किया है, उसमें एलएलआरएम मेडिकल कालेज , जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, कैंट अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दौराला, मवाना, परीक्षितगढ़, हस्तिनापुर,रोहटा, खरखौदा व किठौर शामिल है। उन्होंने बताया अब चिकित्सालयों में ऑक्सीजन की कमी नहीं रहेगी। इस अवसर पर सांसद राजेन्द्र अग्रवाल, विजय पाल सिंह तोमर, कांता कर्दम, जिलाधिकारी के. बालाजी, अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डा. राजकुमार, मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. ज्ञानेन्द्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अखिलेश मोहन, सीएमएस डा. धीरज राज, एसीएमओ डा. विश्वास चौधरी, डा. पूजा शर्मा, डा. प्रवीण गौतम, आदि मौजूद रहे।
स्वास्थ्य केन्द्रों में बिस्तर व ऑक्सीजन प्लांट की क्षमता
अस्पताल नाम बिस्तर प्लांट की क्षमता (एलएमपी)
एलएलआर मेडिकल कालेज 750 1000
पीएल शर्मा हॉस्पिटल 250 1000
डफरिन महिला अस्पताल 160 960
कैंट हॉस्पिटल 70 250
सीएचसी परीक्षितगढ़ 30 150
सीएचसी दौराला 30 335
सीएचसी हस्तिनापुर 30 150
सीएचसी खरखौदा 30 200
सीएचसी किठौर माछरा 50 250
सीएचसी मवाना 30 45
सीएचसी रोहटा 30 200

No comments:
Post a Comment