मेरठ। पेट्रोल प्रति लीटर 100 रुपये के पार मिलेगा। पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार मेरठ में सादा पेट्रोल 100 रुपये 03 पैसे प्रति लीटर और प्रीमियम पेट्रोल 103 रुपये 98 पैसे प्रति लीटर मिलेगा। डीजल 91 रुपये 93 पैसे प्रति लीटर मिलेगा। घरेलू गैस सिलिंडर के रेट भी 15 रुपये बढ़ गए हैं। बता दें कि दैनिक उपयोग में आने वाली वस्तुएं भी महंगी होती जा रही हैं। बस, टैक्सी और ट्रकों का भाड़ा बढ़ रहा है। वहीं किसानों की खेती में भी लागत बढ़ गई है। जनता और विपक्ष बढ़ती हुई कीमतों को लेकर आवाज बुलंद कर रहा है। इस संबंध में मेरठ पेट्रोल पंप एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष राकेश जैन का कहना है कि यह बात सही है कि डीजल व पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। पेट्रोलियम मंत्रालय के द्वारा जारी रेट पर ही सभी पेट्रोल पंपों पर डीजल व पेट्रोल बेचा जा रहा है। वहीं घरेलू गैस पर महंगाई ने जनता की कमर तोड़ दी है। अगर हम अक्तूबर 2020 में और अब छह अक्तूबर को घरेलू गैस सिलिंडर के दामों की बात करें तो अब तक घरेलू गैस के प्रति सिलिंडर पर 307 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। अक्तूबर 2020 में घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत 592.50 रुपये थी। छह अक्तूबर 2021 को गैस सिलिंडर की कीमत बढ़कर 899 रुपये हो गई है।
No comments:
Post a Comment