सियासी हलचल तेज हुई, रेस में हैं चार नाम

अहमदाबाद
(एजेंसी)।गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। वह राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मिलने पहुंचे और अपना इस्तीफा उन्हेंं सौंप दिया। इसके बाद गुजरात में राजनीतिक हलचल तेज हो गई हैं। बता दें कि रूपाणी ने विधानसभा चुनाव से 15 महीने पहले यह बड़ा फैसला लिया।
राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने के बाद विजय रूपाणी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया और उप-मुख्यमंत्री नितिन पटेल गांधीनगर स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे हैं। सूत्रों के मुताबिक, रूपाणी के इस्तीफे के बाद कल विधायक दल की बैठक हो सकती है।
इस्तीफे के बाद रूपाणी ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा, "मैंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष के मार्गदर्शन में पार्टी संगठन में काम करने की अपनी इच्छा के बारे में शीर्ष नेतृत्व को बता दिया है। भाजपा प्रेक्षक यहां (गांधीनगर) आए थे और पार्टी जल्द ही नए मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला करेगी।"
नए सीएम की रेस में चार नाम
जानकारी के मुताबिक, रूपाणी के इस्तीफे के बाद राज्य में नए मुख्यमंत्री को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। अब तक चार नाम सीएम पद के लिए सामने आए हैं। इनमें केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया, पुरषोत्तम रुपाला राज्य के कृषि मंत्री आरसी फालदू और उप-मुख्यमंत्री नितिन पटेल शामिल हैं। इसके अलावा सीआर पाटिल के नाम की भी चर्चा है। हालांकि, इस संबंध में भाजपा से जुड़े सूत्रों ने कुछ भी कहने से साफ इनकार कर दिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts