लखनऊ। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काकोरी ट्रेन एक्शन की 97वीं जयंती पर शहीदों को नमन किया। लखनऊ के काकोरी शहीद स्मारक स्थल पर राज्यपाल के साथ मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों तथा विधायकों के साथ शहीदों को नमन करने के साथ उन सभी को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर शहीदों के स्वजन को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री योगी ने इस अवसर पर कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन की 97वीं वर्षगांठ पर मैं देश की स्वाधीनता के लिए स्वयं को बलिदान करने वाले अमर बलिदानियों को कोटि-कोटि नमन करता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि चार फरवरी 2021 से आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। उसी क्रम में आज काकोरी ट्रेन एक्शन की वर्षगांठ पर काकोरी शहीद स्मारक पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। देश की स्वाधीनता से बढ़कर कुछ नहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काकोरी एक्शन में 4600 रुपए की लूट का सच सामने लाने के लिए अंग्रेजों ने 10 लाख खर्च किये थे। इससे पता चल सकता है अंग्रेज कितने दमनकारी थे। काकोरी एक्शन की कहानी हमें सदैव इस बात का अहसास कराती है कि देश की स्वाधीनता से बढ़कर कुछ नहीं। हर भारतीय का यह दायित्व है कि हम देश की इस आजादी को हर हाल में सुरक्षित रखें।
No comments:
Post a Comment