-अरविन्द जयतिलक
याद होगा गत वर्ष पहले संयुक्त राष्ट्र संघ की ‘द स्टेट आफ द वर्ल्डस इंडीजीनस पीपुल्स’ नामक रिपोर्ट में कहा गया था कि मूलवंशी और आदिम जनजातियां भारत समेत संपूर्ण विश्व में अपनी संपदा, संसाधन और जमीन से वंचित व विस्थापित होकर विलुप्त होने के कगार पर हैं। रिपोर्ट से यह भी उद्घाटित हुआ था कि खनन कार्य के कारण हर रोज हजारों जनजाति परिवार विस्थापित हो रहे हैं और उनकी सुध नहीं ली जा रही है। विस्थापन के कारण उनमें गरीबी, बीमारी और बेरोजगारी बढ़ रही है।
गत वर्ष पहले नेशनल फेमिली हेल्थ सर्वे की रिपोर्ट से भी उद्घाटित हुआ कि कोलम (आंध्रप्रदेश और तेलंगाना) कोरगा (कर्नाटक) चोलानायकन (केरल) मलपहाड़िया (बिहार) कोटा (तमिलनाडु) बिरहोर (ओडिसा) और शोंपेन (अंडमान और निकोबार) के विशिष्ट संवेदनशील आदिवासी समूहों की तादाद घट रही है। आंकड़ों पर गौर करें तो स्वतंत्रता के बाद से लेकर अब तक उनकी आबादी में दस फीसद की कमी आयी है।आदिवासी बहुल राज्य झारखंड की ही बात करें तो वर्ष 1951 में जहां इनकी आबादी 35.80 फीसद थी, वह 1991 में घटकर 27.66 फीसद रह गयी। वर्ष 2001 की जनगणना के मुताबिक उनकी आबादी 26.30 रही जो 2011 की जनगणना के मुताबिक घटकर 26.11 फीसद रह गयी। गौरतलब है कि यह आंकड़ा गत वर्ष पहले झारखंड राज्य के जनजातीय परामर्शदातृ परिषद द्वारा जारी किया गया। यहां सवाल सिर्फ आदिवासियों की घटती तादाद तक ही सीमित नहीं है। परसंस्कृति ग्रहण की समस्या ने भी आदिवासियों को दोराहे पर ला खड़ा किया है। नतीजा न तो वे अपनी संस्कृति बचा पा रहें है और न हीे आधुनिकता से लैस होकर राष्ट्र की मुख्य धारा में शामिल हो पा रहे हैं।गौर करें तो यह सब उनके जीवन में बाहरी हस्तक्षेप के कारण हुआ है। भारत में ब्रिटिश शासन के समय सबसे पहले जनजातियों के सांस्कृतिक जीवन में हस्तक्षेप की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। ईसाई मिशनरियों ने जनजातीय समुदाय में पहले हिन्दू धर्म के प्रति तिरस्कार और घृणा की भावना पैदा की और उसके बाद उन्हें ईसाई धर्म ग्रहण करने के लिए प्रोत्साहित किया। लिहाजा बड़े पैमाने पर उनका धर्म परिवर्तन हुआ। ईसाईयत न तो उनकी गरीबी को कम कर पायी और न ही उन्हें इतना शिक्षित ही बना पायी कि वह स्वावलंबी होकर अपने समाज का भला कर सकें। ईसाईयत के बढ़ते प्रभाव के कारण हिन्दू संगठन भी उठ खड़े हुए और जनजातियों के बीच धर्म प्रचार आरंभ कर दिए। हिन्दू धर्म के प्रभाव के कारण जनजातियों में भी जाति व्यवस्था के तत्व विकसित हो गये। आज उनमें भी जातिगत विभाजन के समान ऊंच नीच का एक स्पष्ट संस्तरण विकसित हो गया है। यह संस्तरण उनके बीच अनेक संघर्षो और तनावों को जन्म दिया है। इससे जनजातियों की परंपरागत सामाजिक एकता और सामुदायिकता खतरे में पड़ गयी है।आज स्थिति यह है कि धर्म परिवर्तन के कारण बहुत से आदिवासियों को संदेह की दृष्टि से देखा जा रहा है। हिन्दुओं में खान-पान ,विवाह और सामाजिक संपर्क इत्यादि के प्रतिबंधों के कारण वे उच्च हिन्दू जातियों से पूर्णतया पृथक हैं। जबकि ईसाईयों ने भी धर्म परिवर्तन करके हिन्दू बन जाने वाले आदिवासियों को अपने समूह में अधिक धुलने मिलने नहीं दिया। विवाह और सामाजिक संपर्क के क्षेत्र में उन्हें अब भी एक पृथक समूह के रुप में देखा जा रहा है।जनजातीय समूहों में उनकी परंपरागत भाषा से संबधित सांस्कृतिक मूल्यों और आदर्श नियमों का क्षरण होने से जनजातीय समाज संक्रमण के दौर से गुजरने लगा है। जनजातियों की संस्कृति पर दूसरा हमला कारपोरेट जगत की ओर से हो रहा है। यह दुर्भाग्य है कि जंगलों को काटकर और जलाकर उस भूमि को जिस प्रायोजित तरीके से उद्योग समूहों को सौंपा जा रहा है, उसका भी प्रभाव उनकी संस्कृति पर दिख रहा हैं। देश में नब्बे के दशक से ही विदेशी निवेश बढ़ाने की गरज व खनन नीतियों में बदलाव के कारण आदिवासी परंपरागत भूमि से बेदखल हो रहे हैं।आमतौर पर जनजातीय समाज सीधा और सरल माना जाता है लेकिन उनकी परंपरागत अर्थव्यवस्था पर हमला ने उन्हें आक्रोशित बना दिया है। मूलवासी जनसमूह आजीविका के संकट से तो जूझ ही रहें हैं साथ ही उन्हें कई तरह की बीमारियों से भी लड़ना पड़ रहा है।जनजातीय समाज भाषा के संकट से भी जुझ रहा है। संभावना है कि इस सदी के अंत तक जनजातीय समाज की 90 फीसदी भाषाएं विलुप्त हो जाएंगी। गत वर्ष पहले ‘भाषा रिसर्च एंड पब्लिकेशन सेंटर’ द्वारा किए गए ‘भारतीय भाषाओं के लोकसंरक्षण’ की मानें तो विगत 50 वर्षों में भारत में बोली जाने वाली 850 भाषाओं में तकरीबन 250 भाषाएं विलुप्त हो चुकी हैं और 130 से अधिक भाषाओं का अस्तित्व खतरे में हैं।चूंकि भारत भाषायी विविधता से समृद्ध देश है लिहाजा आदिवासी क्षेत्रों में बोली जाने वाली भाषाओं का विशेष संरक्षण जरुरी है। वैश्विक आंकड़ों पर गौर फरमाएं तो दुनियाभर में 199 भाषाएं ऐसी हैं जो आदिवासी क्षेत्रों में बोली जाती है और अब उनके बोलने-लिखने वाले लोगों की संख्या एक दर्जन से भी कम रह गयी है। किंतु दुर्भाग्य है कि इस भाषायी विविधता को बचाने का कोई ठोस पहल नहीं हो रहा है।चिंता की बात यह भी है कि जनजातीय समूह सभ्य कहे जाने वाले लोगों के भी निशाने पर हैं। अमेरिका हो या भारत हर जगह विकास के नाम पर जंगलों का उजाड़ा जा़ रहा है। अपनी सुरक्षा और रोजी-रोजगार के लिए जनजातिय समूह के लोग अपने मूलस्थान से पलायन कर रहे हैं। दूसरे समूहों में जाने और रहने के कारण उनकी भाषा और संस्कृति प्रभावित हो रही है। आज जरुरत इस बात की है कि जनजातियों का जीवन व संस्कृति दोनों बचाया जाए। अन्यथा संस्कृृति और समाज की टूटन उन्हें राष्ट्र की मुख्य धारा से अलग कर देगी। - लेखक स्वतंत्र विचारक हैं।x
याद होगा गत वर्ष पहले संयुक्त राष्ट्र संघ की ‘द स्टेट आफ द वर्ल्डस इंडीजीनस पीपुल्स’ नामक रिपोर्ट में कहा गया था कि मूलवंशी और आदिम जनजातियां भारत समेत संपूर्ण विश्व में अपनी संपदा, संसाधन और जमीन से वंचित व विस्थापित होकर विलुप्त होने के कगार पर हैं। रिपोर्ट से यह भी उद्घाटित हुआ था कि खनन कार्य के कारण हर रोज हजारों जनजाति परिवार विस्थापित हो रहे हैं और उनकी सुध नहीं ली जा रही है। विस्थापन के कारण उनमें गरीबी, बीमारी और बेरोजगारी बढ़ रही है।
No comments:
Post a Comment