मुजफ्फरनगर। जानसठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सिजेरियन डिलीवरी के लिए ऑपरेशन थिएटर बने काफी समय हो गया है, लेकिन सर्जन के इंतजार में ऑपरेशन थिएटर सूना पड़ा है। गौरतलब है कि जानसठ सीएचसी क्षेत्र के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में बसे लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए सीएचसी प्रभारी डॉक्टर अशोक कुमार ने अच्छी पहल करते हुए सीएचसी जानसठ पर सिजेरियन डिलीवरी कराए जाने के लिए ऑपरेशन थिएटर बनवाया था, लेकिन अभी तक यह ओटी सिर्फ सफेद हाथी बना हुआ है, क्योंकि ओटी में किसी भी सर्जन चिकित्सक की तैनाती नहीं हो सकी है। सर्जन के अभाव में क्षेत्रवासियों को सिजेरियन डिलीवरी की सुविधा लेने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आपको बताते चलें कि जानसठ सरकारी अस्पताल में प्रतिमाह सैकड़ों महिलाओं की डिलीवरी होती है। इनमें से प्रतिमाह 20 से 25 महिलाओं को हाई रिस्क डिलीवरी होने की स्थिति में जिला चिकित्सालय मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया जाता है।
सीएचसी प्रभारी डॉक्टर अशोक कुमार का कहना है कि सिजेरियन डिलीवरी के लिए स्वास्थ्य विभाग को पत्र भेजकर प्रशिक्षित चिकित्सक की मांग की गई है। सीएमओ डॉक्टर महावीर सिंह फौजदार का कहना है कि- मुजफ्फरनगर स्वास्थ्य विभाग में सर्जन चिकित्सकों की कमी है। एक सर्जन चिकित्सक को सीएचसी जानसठ पर पोस्ट किया था, लेकिन वह आई नहीं उनका वेतन रोक दिया है। सर्जन चिकित्सक तैनाती के लिए शीघ्र ही विज्ञापन निकाला जाएगा और चिकित्सक की तैनाती कर सिजेरियन डिलीवरी शीघ्र ही शुरू कराई जाएगी।
No comments:
Post a Comment