परिवारवालों को जानकारी नहीं दी, बोलीं- साथ जिएंगे-साथ मरेंगे
कोर्ट ने लिव-इन में रहने की दी अनुमति
  

रामपुर ।रामपुर में दो लड़कियों की आपस में शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। लड़कियों ने अपनी मर्जी से शादी की है। कोर्ट से बालिग होने की बात कहकर साथ रहने की अनुमति भी ले ली है। अभी तक दोनों लंबे समय से लिव इन में रह रही थीं।उनके परिजन शादी से अनजान थे। उन्होंने गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई थी। इन्हें तब पता चला जब लड़कियां सामने आकर बोलीं कि हमने शादी कर ली है। अब हम साथ जिएंगे और साथ मरेंगे। बाद में युवतियों को मजिस्ट्रेट के सामने ले जाया गया। जहां उन्हें साथ रहने की अनुमति मिल गई।

करीब दस दिन पहले मसवासी निवासी युवती शाहबाद आई थी। मसवासी से आई युवती के परिजनों ने अपनी बेटी की गुमशुदगी की तहरीर कोतवाली स्वार में दर्ज कराई थी। पुलिस तहरीर के आधार पर तुरंत हरकत में आई और छानबीन शुरू की तो पता चला युवती शाहबाद में है। पुलिस तुरंत शाहबाद पहुंच गई। स्वार पुलिस दोनों युवतियों को अपने साथ कोतवाली ले आई।
बालिग होने पर मजिस्ट्रेट ने अनुमति दी
चूंकि दोनों लड़कियां 18 साल से ऊपर हैं और उनमें से एक ने स्वेच्छा से अपना घर छोड़ दिया है। दोनों लड़कियां एक दूसरे को पसंद करती हैं, इसलिए दोनों को एक कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। मजिस्ट्रेट ने दोनों को साथ रहने की अनुमति दे दी।
लड़कियों ने दिए ये बयान
स्वार के सीओ धरम सिंह मार्शल ने कहा, पुलिस टीम ने लड़की को बरामद किया। उसने खुलासा किया कि उसने अपनी पसंद से घर छोड़ दिया क्योंकि वह अपनी दोस्त के साथ रहना चाहती थी न कि अपने परिवार के साथ। लड़की के परिवार ने पहले पुलिस को बताया था कि लड़की नाबालिग है। हालांकि, दस्तावेजों से पता चला कि लड़की 20 साल की है। छात्राओं ने हाईस्कूल के सर्टिफिकेट दिखाए। दूसरी छात्रा ग्रेजुएशन की छात्रा है।
काउंसलिंग की, फिर भी नहीं मानीं युवतियां
पुलिस ने बताया कि लड़की के बरामद होने के तुरंत बाद, दोनों के परिवारवालों को बुलाया गया। परिवार और लड़कियों की काउंसलिंग की गई लेकिन लड़कियों ने कहा कि वह किसी भी हाल में एक दूसरे से अलग नहीं रहना चाहतीं। लड़कियों के परिवार दोनों को अलग करने पर अड़े थे तो लड़कियां साथ रहने पर अड़ी थीं। बाद में लड़कियों को मजिस्ट्रेट के सामने ले जाया गया और उन्हें साथ रहने की अनुमति मिल गई।
दोनों के परिवार वाले शादी से नाराज
दोनों युवतियों से पुलिस ने जब पूछताछ की तो समलैंगिक विवाह कर साथ में रहने की बात कहते हुए उन्होंने अपने आप को बालिग बताया। बालिग होने पर पुलिस बैकफुट पर आ गई और स्वतंत्र होने की बात कहकर उनको छोड़ दिया। बताया जा रहा है कि दोनों युवतियां अब साथ में रह रही हैं। हालांकि, दोनों के परिवार वाले इस शादी से नाराज हैं। दोनों युवतियों का समलैंगिक विवाह करना चर्चा का विषय बना हुआ है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts