मेरठ। शुक्रवार को दिन निकले परतापुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कैंटर ने ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मार दी। जिसके बाद ट्रैक्टर पलटने के चलते चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद कैंटर का चालक अपना वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के चलते सड़क पर घंटों तक जाम के हालात बने रहे। जानकारी के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा है। दरअसल, डूंगरावली निवासी 41 वर्षीय बाबू शुक्रवार की सुबह लगभग 5:30 बजे ट्रैक्टर ट्रॉली में ज्वार लेकर मेरठ की तरफ जा रहा था। बताया जाता है इसी दौरान एनएच-58 पर कालका डेंटल कॉलेज के सामने पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क पर पलट गई। जिसके नीचे दबकर बाबू गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सड़क पर हड़कंप मच गया। उधर, चालक कैंटर को छोड़कर मौके से फरार हो गया। जानकारी के बाद जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तब तक सड़क पर भीषण जाम लग चुका था। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायल के परिजनों को घटना की जानकारी देते हुए घायल बाबू को सुभारती अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाबू की मौत की जानकारी मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने जैसे तैसे परिजनों को समझाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, हादसे के चलते परतापुर मार्ग पर घंटों जाम के हालात बने रहे। बाद में पुलिस ने बीच सड़क पर पलटी ट्रैक्टर ट्रॉली को हटवाते हुए जाम खुलवाया। इंस्पेक्टर परतापुर ने बताया कि पुलिस ने हादसे का कारण बने कैंटर को कब्जे में ले लिया है। इसी के साथ आरोपी चालक की तलाश जारी है।
No comments:
Post a Comment