लखनऊ । उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में नदियों के उफनाने से सैकड़ों गांव बाढ़ से घिर गए हैं। जालौन में बचाव कार्य के लिए सेना ने मोर्चा संभाला है। उधर, इटावा में प्रदेश के जलशक्ति मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने हवाई सर्वेक्षण कर बाढ़ की हकीकत परखी। जालौन और औरैया को जोड़ने वाले हाईवे पर शेरगढ़ घाट स्थित पुल डूबने से यातायात बंद कर दिया गया है, जबकि पानी कालपी कस्बे में घुस गया है। इटावा-औरैया को जोड़ने वाले जुहीखा पुल तक पानी पहुंचने से स्थिति खतरनाक बन गई है। पहुज में उफान से बबाइन स्थित पीपा पुल भी बह गया है। वहीं, उरई, औरैया, चित्रकूट, इटावा, बांदा, हमीरपुर और फतेहपुर में भी कई गांव बाढ़ से घिर गए हैं। जालौन जिले में लगातार पानी बढ़ने से यमुना खतरे के निशान से चार मीटर ऊपर बह रही है। रामपुरा क्षेत्र में बिलौड़, कुसेपुरा सहित कई गांव पूरी तरह डूबे हैं। बिलौड़ और कुसेपुरा तक स्टीमर तेज बहाव के कारण नहीं पहुंच पा रहे हैं। कदौरा, कालपी व महेबा के लगभग सौ गांव पानी में डूब गए हैं।
No comments:
Post a Comment