स्वामी नरसिंहानंद के शिष्य हैं घायल साधू

गाजियाबाद। गाजियाबाद में मंदिर परिसर में सो रहे दो साधुओं पर जानलेवा हमला हुआ है। घायल साधुओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर दोनों का इलाज चल रहा है। साधुओं पर हुए जानलेवा हमले की जानकारी सामने आते ही मंदिर प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारियों के साथ आसपास लोगों में भी बड़ी नाराजगी है।

यह घटना आज सुबह तड़के चार बजे के आसपास की बताई जा रही है। घायल दोनों साधुओं को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है और इसी के साथ ही गाजियाबाद पुलिस पूरी मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, मंदिर परिसहर में सो रहे जिन दो साधुओं पर हमला हुआ है, उनमें से एक का नाम नरेशानंद स्वामी है और वह बिहार के दरभंगा के रहने वाले हैं।
बताया जा रहा है कि नरेशानंद स्वामी समेत अन्य साधु पर मंगलवार सुबह 4 बजे के आसपास बदमाशों ने मंदिर परिसर में घुसकर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। साधुओं पर सोते समय हमला हुआ। नरेशानंद बिहार से कुछ दिनों के लिए इस मंदिर में आए हुए थे। हमलावर हमला करने के बाद वहां से फरार हो गए।
जिस मंदिर में साधु पर हमला हुआ, वो गाजियाबाद का वही देवी मंदिर है, जिसके पुजारी नरसिंहानंद बयानों की वजह से हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं। गौरतलब है कि नरसिंहानंद को कई बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है, जिसके बाद 24 घंटे मंदिर और पुजारियों की सुरक्षा के लिए पुलिस का पहरा रहता है, इसके बावजूद हमला होना हैरानी की बात है।
मंदिर के लोगों ने बताया कि नरेशानंद स्वामी नरसिंहानंद के शिष्य हैं। वहीं, गाजियाबाद पुलिस का कहना है कि जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही दोषी को गिरफ्तार कर एक्शन लिया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts