अमेरिका के मददगार को दी फांसी हेलीकॉप्टर से लटका कर शहर में घुमाया शव, वीडियो वायरल
काबुल (एजेंसी)।अमेरिकी सैनिकों की अफगानिस्तान से वापसी पूरी होते ही यहां तालिबान का तांडव शुरू हो गया है। एक वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि तालिबानी आतंकवादियों ने अमेरिका के एक मददगार को अमेरिका के ही हेलीकॉप्टर से लटकाकर फांसी दी और फिर पूरे शहर में घुमाया। तालिबान ने महीनों चले भीषण हिंसा के दौर के बाद अफगानिस्तान की सत्ता करीब 20 साल बाद फिर से हासिल की है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह हेलीकॉप्टर भी अमेरिका का ही था। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो अफगानिस्तान के कांधार का है। इस वीडियो में अमेरिकी ब्लैकहॉक हेलीकॉप्टर को उड़ते हुए देखा जा सकता है, जिससे रस्सी से एक शव लटका था। इस वीडियो को कई पत्रकारों और मीडियाकर्मियों ने शेयर किया है। कई लोगों ने इसके लिए अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन को जिम्मेदार ठहराया है। वीडियो में यह साफ नहीं हो रहा है कि हेलीकॉप्टर से लटका व्यक्ति जीवित है या नहीं। लेकिन, कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि तालिबानी आतंकियों ने एक व्यक्ति के शव को बांधा था जिसकी उन्होंने हत्या की थी। डेली मेल की एक रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका ने पिछले महीने अफगानिस्तान में कम से कम सात ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर पहुंचाए थे। इसके अलावा पिछले 20 साल से वह यहां जो इन्वेंटरी बना रहा था वह अलग है। अमेरिकी सैनिकों की वापसी के बाद ये सभी साजोसामान अफगानिस्तान में ही रह गए हैं। अमेरिका ने छोड़ा अफगानिस्तान तालिबान ने फायरिंग कर मनाया जश्न अफगानिस्तान में अमेरिका की 20 साल पुरानी सैन्य उपस्थिति का अंत हो गया। यूएस सेंट्रल कमांड के प्रमुख जनरल केनेथ मैकेंजी ने पेंटागन न्यूज ब्रीफिंग में इसकी घोषणा की। अमेरिकी सैनिकों ने तय समय से 24 घंटे पहले ही अफगानिस्तान को छोड़ दिया। देर रात काबुल के हामिद करजई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अमेरिका के अंतिम तीन विमानों ने उड़ान भरी। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस साल की शुरुआत में वापसी के लिए 31 अगस्त की समय सीमा तय की थी। वहीं, अमेरिका के अंतिम विमानों के काबुल से रवाना होते ही तालिबानी लड़ाकों ने फायरिंग कर जश्न मनाया।
No comments:
Post a Comment