- क्षेत्रवासियों ने जमकर हंगामा, मौके पर पहुंची पुलिस

मेरठ। सरधना क्षेत्र स्थित कब्रिस्तान में शुक्रवार को फिर दो कब्रें खुदी मिली। सूचना मिलते ही क्षेत्रवासियों ने मुर्दों के साथ तंत्र क्रिया करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे सीओ और इंस्पेक्टर सहित पालिका चेयरमैन पति ने लोगों को समझाते हुए हंगामे को शांत किया।
सरधना में नंगला आर्डर रोड पर वीर अब्दुल हमीद पार्क के निकट पुराना कब्रिस्तान है। लगभग एक महीने पहले भी इस कब्रिस्तान में एक महिला की कब्र खोदकर शव के बाल काट दिए गए थे। उस समय भी क्षेत्रवासियों ने शव के साथ तंत्र क्रिया का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था।
अब आज सुबह फिर क्षेत्रवासियों ने कब्रिस्तान में दो कब्र खुदी देखीं तो इलाके में सनसनी फैल गई। कब्रिस्तान में सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई और लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। जिसके बाद पालिका चेयरमैन पति निजाम अंसारी और क्षेत्र के रहने वाले हाजी खालिद अंसारी व अशरफ घोसी सहित कई गणमान्य लोग भी मौके पर पहुंचे।
घटना की जानकारी मिलने पर सीओ सरधना आरपी शाही और इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस स्थानीय नागरिकों से पूछताछ की तो जानकारी मिली कि इनमें से एक कब्र लगभग एक वर्ष पुरानी है, जिसमें एक महिला को दफन किया गया था। वहीं 20 दिन पुरानी कब्र में एक पुरुष को दफनाया गया था। कब्रों की जांच करने पर पुलिस को शवों के बाल कटे मिले।
क्षेत्रवासियों ने शवों के साथ तंत्र क्रिया का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। घंटो चले हंगामे के बाद चेयरमैन पति ने कब्रिस्तान की बाउंड्री को आठ फुट ऊंचा कराने का आश्वासन दिया। वहीं सीओ ने क्षेत्र में रात आठ से लेकर सुबह पांच बजे तक गश्त बढ़ाने का आश्वासन देते हुए स्थानीय नागरिकों को शांत किया। जिसके बाद दोनों कब्रों में मिट्टी डालकर उन्हें सही कर दिया गया। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts