अकीदतमंदों ने घरों में पढ़ी बकरीद की नमाज

शहर काजी ने बताए कुर्बानी के अरकान

मेरठ। ईद-उल-अजहा यानी बकरीद की नमाज अधिकांश अकीदतमंदों ने घरों में अदा की। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में हल्की बारिश के बीच ईदगाहों और चुनिंदा मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की गई। कोरोना संक्रमण की बंदिशों के कारण ज्यादातर लोगों ने घर पर ही नमाज पढ़ी। कुछ मस्जिदों में सिमित संख्‍या में मौलानाओं ने कोरोना के खात्‍मे के लिए दुआ मांगी। तो वहीं नए कपड़े पहनकर नमाजियों ने एक-दूसरे को फोन पर ही बधाई संदेश भेजे। शहर में चप्‍पे-चप्‍पे पर पुलिस तैनात रही।
मेरठ में शहर काजी प्रो.जैनुस्साजेदीन ने शही जामा मस्जिद में नमाज अदा कराई। कहा कि यह त्योहार सद्भाव-सहयोग-समर्पण, त्याग और बलिदान का भी संदेश देता है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी की वजह से सभी शारीरिक दूरी रखते हुए इसके संक्रमण से बचते हुए पर्व को मनाएं। शाही ईदगाह में कारी शफीकुर्रहमान कासमी के बेटे कारी हस्सान ने नमाज अदा कराई। नमाज से पहले तकरीर करते हुए शहरकाजी ने कुर्बानी की शुरुआत के बारे में बताया।
बागपत में ईद-उल-अजहा पर्व धूमधाम से मनाया गया। जिले की सभी ईदगाहों पर पुलिस तैनात रही, नमाज पढ़ने पहुंचे लोगों को पुलिस ने वापस लौटा दिया। घरों में ही ईद की नमाज अदा की गई। मस्जिदों में भी कम ही संख्या में लोग नमाज पढ़ने पहुंचे। बाजारों में भीड़भाड़ रही, बच्चों ने जमकर खरीदारी की।
सहारनपुर में ईद उल अजहा के अवसर पर सहारनपुर में अंबाला रोड स्थित ईदगाह मैदान पर शहर काजी नदीम अख्तर ने ईद की नमाज अदा कराई। कोरोना की गाइडलाइंस की वजह से चुनिंदा लोग ही इसमें शामिल हुए, जबकि हर साल ईद की नमाज में हजारों लोग ईदगाह मैदान पर इकट्ठा होते थे। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस कर्मी ईदगाह मैदान के आसपास तैनात रहे।
मुजफ्फरनगर में ईद-उल-अजहा का पर्व सादगी के साथ मनाया गया। घरों और मस्जिदों में ईद की नमाज हुई। मुल्क और कौम की सलामती की दुआ की गई। इसके बाद कुर्बानी की रस्म की गई। ईदगाह पर पुलिस का पहरा रहा। ईदगाह पर नमाज नहीं पढ़ी गई।
सीएम योगी ने दी शुभकामना
लखनऊ। बकरीद के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने त्यौहार पर शुभकामनाएं दी हैं।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रदेशवासियों को ईद-उल-अजहा (बकरीद) की शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि ये त्योहार सभी को मिल-जुलकर रहने व सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है। इनके अलावा सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई लोगों ने अकीदतमंदों को मुबारकवाद दी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts