मेरठ। कंकरखेड़ा के डाबका गांव में ईद उल अजहा के दिन वर्षों पुरानी परंपरा को ताक पर रखकर भैंस की कुर्बानी करने वाले होमगार्ड के खिलाफ हिंदू समाज के लोगों ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ दर्जनों ग्रामीणों ने एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। जिसमें स्थानीय पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए आरोपी होमगार्ड व अन्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
गांव के रहने वाले अशोक शर्मा ने बताया कि उनके गांव में आज तक कभी भी कुर्बानी नहीं हुई है। मुस्लिम समाज के सभी लोग वर्षों पुरानी परंपरा का पालन करते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ईद उल अजहा के दिन होमगार्ड इंतजार और उसके पिता सत्तार ने बिना अनुमति अपने घर में भैंस की कुर्बानी कर दी। इतना ही नहीं आरोपियों ने दबंगई दिखाते हुए कुर्बानी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को रफा-दफा करके चली गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि होमगार्ड इंतजार अपनी वर्दी का रौब दिखाते हुए उल्टा ग्रामीणों को धमका रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि गांव में कुर्बानी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वर्षों पुरानी परंपरा को किसी भी हालत में टूटने नहीं दिया जाएगा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस मामले में कंकरखेड़ा पुलिस भी कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उल्टा अधिकारियों को बरगलाया जा रहा है। ग्रामीणों ने एसएसपी से मुलाकात करते हुए आरोपी होमगार्ड और अन्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts