पद्मश्री डॉ. आरएन सिंह बने नए अध्यक्ष

नई दिल्ली (एजेंसी)। विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय प्रबंध समिति और प्रांतीय मंडल की बैठक में विहिप ने अपने संगठन में बदलाव किया है। केंद्रीय उपाध्यक्ष डॉ. आरएन सिंह (डॉ.रविंद्र नारायण सिंह) को शनिवार को केंद्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। सर्जन के रूप में पहचान बनाने वाले डॉ. सिंह पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित हैं।

अध्यक्ष बनने के बाद डॉ. सिंह ने कहा, अयोध्या में जन-जन के सहयोग से राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। मंदिर का निर्माण सभी की भागीदारी से ही किया जाएगा। इसके अलावा विश्व हिंदू परिषद को और भी सशक्त व मजबूत बनाया जाएगा।
गौरतलब है कि विहिप के नए अध्यक्ष के सहरसा के रहने वाले हैं। उनके पिता जिला एवं सत्र न्यायाधीश स्व. राधा बल्लभ सिंह थे। डॉ. आरएन सिंह प्रसिद्ध अस्थि शल्य चिकित्सक हैं। उनकी स्कूली शिक्षा कटिहार में हुई है और इससे आगे की शिक्षा पटना में पूरी करने के बाद उन्होंने पीएमसीएच से एमबीबीएस किया। इसके बाद लगभग एक दशक तक लंदन में एफआरसीएस व अन्य डिग्री हासिल की। वे लंदन में रहने के दौरान ही विश्व हिंदू परिषद से जुड़े। 80 के दशक में पटना आकर अपनी क्लीनिक चलाने लगे। इस दौरान उन्हें बेहतर सेवा के लिए राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने पद्मश्री सम्मान भी दिया। वह विगत दिनों से विहिप के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में सक्रिय थे।
विहिप के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेंद्र जैन ने कहा, बैठक में पूर्व न्यायाधीश विष्णु सदाशिव कोकजे ने अपनी बढ़ती उम्र के कारण स्वत: पदमुक्त होने का निवेदन किया था। जिसे स्वीकार कर लिया गया और उनके स्थान पर डॉ. आरएन सिंह को नया अध्यक्ष चुना गया, जबकि अधिकांश पदाधिकारी पहले की तरह ही बने रहेंगे।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts