कई जिलों में हुई फायरिंग व पथराव
- हरदोई में आठ ब्लाक प्रमुख निर्विरोध
- कन्नौज में नामांकन के दौरान जमकर बवाल


लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गांव तथा जिले की सरकार चुने जाने के बाद अब ब्लाक की सरकार के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रदेश में गुरुवार को 11 बजे से तीन बजे तक नामांकन के बाद नामांकन पत्रों की जांच की गई। इसी बीच कई जगह पर हिंसा की वारदात के बीच पुलिस को बल का प्रयोग करना पड़ा। हरदोई में 19 में से भाजपा के आठ निर्विरोध ब्लाक प्रमुख चुने गए हैं। कई जगह पर बवाल के बीच दस जुलाई को 825 सीटों के लिए होने वाले चुनाव का नामांकन हो गया। प्रदेश के गोंडा के मुजेहना ब्लाक को छोड़कर अन्य सभी 825 ब्लाक पर 75845 बीडीसी मतदान करेंगे।
प्रदेश में ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए गुरुवार को नामांकन के दौरान कन्रौज, सीतापुर, बुलंदशहर, पीलीभीत, झांसी, उन्नाव, अयोध्या, बस्ती, गोरखपुर, सम्भल, चित्रकूट, जालौन, फतेहपुर, एटा, अंबेडकरनगर, महराजगंज में खुलेआम फायरिंग व मारपीट हुई। हिंसा के बीच नामांकन प्रक्रिया सम्पन्न हो गई। प्रदेश के सीतापुर में बमबाजी व फायरिंग में एक व्यक्ति घायल है, जबकि कन्नौज में भी पथराव के साथ फायरिंग की गई। दर्जन भर से अधिक जगहों में नामांकन करने जा रहे लोगों से मतपत्र भी छीनने का प्रयास किया गया। फर्रुखाबाद के बढरपुर ब्लॉक में निर्दलीय महिला प्रत्याशी को पर्चा नहीं भरने दिया गया। उसको धक्का देकर पर्चा छीनने का प्रयास किया गया। बुलंदशहर के सियाना में ब्लॉक प्रमुख पद के नामांकन के दौरान दो गुटों में हाथापाई हो गई। दो पक्ष एकसाथ नामांकन के लिए आए। उनके समर्थकों के बीच कहासुनी हो गई। मामले को शांत करवा दिया गया। दोनों पक्षों के बीच किसी मुद्दे को लेकर टकराव नहीं था।
सीतापुर के कमसमंडा में फायरिंग के साथ बमबाजी
सीतापुर में नामांकन के दौरान नेशनल हाईवे पर कमसंडा ब्लाक पर मौजूद लोगों में जमकर कई राउंड फायरिंग हुई। देशी बम भी फेंके गए। यह घटना दोपहर को कमलापुर थाने के पड़ोस में ही हुई है। आरोप है कि सत्ता पक्ष के लोग निर्दलीय प्रत्याशी मुन्नी देवी को नामांकन करने से रोक रहे थे। झगड़े में कई राउंड गोलियां चलाईं। देशी बम भी फेंके जाने लगे। भगदड़ मच गई। भाग रहे लोगों पर पुलिस ने मौका देखकर लाठियां भांजना शुरू कर दिया। उपद्रव के दौरान हाईवे पर उठा धुआं देख आसपास के दुकानदार शटर गिराकर अंदर छिप गए। बताया जा रहा है कि हथियारों से लैस दबंगों ने निर्दलीय प्रत्याशी मुन्नी देवी के समर्थकों पर ताबड़तोड़ कई राउंड गोलियां दागी। हमले में मुन्नी देवी के पक्ष से अखंड प्रताप सिंह जख्मी हुआ है।
कन्नौज में पथराव व फायरिंग
कन्नौज में ब्लॉक प्रमुख के नामांकन के दौरान जमकर बवाल हुआ। सदर ब्लॉक में सपा और भाजपा कार्यकर्ता भिड़ गए। जमकर मारपीट हुई और ईंट-पत्थर चले। इस दौरान पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना रहा। सपा समॢथत प्रत्याशी अजय दोहरे नामांकन के लिए सदर ब्लॉक में पंहुचे। इस दौरान उनकी भाजपाइयों से झड़प हो गई। थोड़ी देर में मारपीट होने लगी। मारपीट होते-होते ब्लॉक गेट तक आ गई। इस दौरान रेलवे ओवरब्रिज के नीचे बैठे सपाई भी आ गए। दोनों तरफ से पत्थर बाजी होने लगी। सपाइयों ने भाजपा के मंडल अध्यक्ष रामजीवन राजपूत को पकड़ कर धुन दिया। इतना ही नहीं एआरओ पारसनाथ की टेबल से उठाकर सभी अभिलेख को फाड़ दिया।
शाहजहांपुर में ब्लाक प्रमुख नामांकन में पर्चे फाड़े
शाहजहांपुर के मदनापुर में ब्लाक प्रमुख पद के लिये भाजपा प्रत्याशी महेश पाल व सपा प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह गुरुवार दोपहर को नामांकन कराने जा रहे थे। ब्लाक कार्यालय के पास दोनों के समर्थक नारेबाजी करते हुए भिड़ गए।
उन्नाव में जमकर चले ईंट-पत्थर
उन्नाव के असोहा ब्लाक में प्रमुख पद के लिए होने वाले नामांकन में गुरुवार सुबह से ही अफरा-तफरी रही। ब्लाक मुख्यालय पर सपा एमएलसी सुनील साजन व पूर्व विधायक उदयराज यादव अपने 40-45 समर्थकों के साथ बीतेंद्र यादव का नामांकन कराने पहुंचे। भाजपा प्रत्याशी भी अपने समर्थकों के साथ वहां मौजूद थे। दोनों पाॢटयों के समर्थकों के आमने-सामने आने से वहां नारेबाजी शुरू हो गई। नारेबाजी के दौरान दोनों के समर्थकों में धक्का-मुक्की हुई इसके बाद ईंट-पत्थर चलने लगे।
हरदोई में आठ ब्लाक प्रमुख निर्विरोध
हरदोई में ब्लाक प्रमुख चुनाव में 19 विकास खंडों में आठ पर भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध ब्लाक प्रमुख चुन लिए गए हैं। किसी दूसरे प्रत्याशी के नामांकन न करने से उनका निर्विरोध चुनाव माना जा रहा है। अधिकारिक घोषणा शुक्रवार को की जाएगी। यहां पर अब 11 विकास खंडों में चुनावी घमासान होगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts