Meerut। कांवड यात्रा-2021 की तैयारियों के सम्बन्ध में आयुक्त, मेरठ मण्डल द्वारा आज आयुक्त कार्यालय सभागार, मेरठ में मण्डलीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक, मेरठ परिक्षेत्र के अतिरिक्त मण्डल के समस्त ज़िलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों/पुलिस अधीक्षकों तथा विभिन्न विभागों यथा-चिकित्सा, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, विद्युत विभाग, नगर निगम, मेरठ विकास प्राधिकरण, पंचायती राज, जल निगम, वन विभाग एवं परिवहन विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।



बैठक में मुख्य रूप से निर्देश दिये गयेवर्तमान में कोविड-19 संक्रमण की दर यद्यपि लगभग शून्य है, किन्तु कांवड यात्रा-2021 के दौरान इससे बचाव सम्बन्धी गाईडलाइन्स का पालन कराया जाये। कांवड़ मार्ग तथा मन्दिरों के पास ‘कांवड कोविड हेल्प डेस्क‘ बनायी जायें, जहां सेनेटाईज़र/मास्क की उपलब्धता के अतिरिक्त थर्मल स्क्रीनिंग एवं कोविड टेस्टिंग इत्यादि की व्यवस्था रखी जाये। कोविड हेल्प डेस्क से निकलने वाले कूड़े का सुरक्षित निस्तारण हो।
      सभी जीवनरक्षक दवाओं/एम्बुलेंस की उपलब्धता रहे। निकटवर्ती अस्पतालों में बैड आरक्षित करायें। ब्लड बैंक तैयार रहें। आकस्मिक सेवाओं को भी तैयार रखा जाये।
      कांवड मार्ग एवं जलाभिषेक होने वाले मन्दिरों के पास पेयजल/शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था हो। कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले सभी पैट्रोल पम्पों पर शौचालयों की व्यवस्था भी दुरूस्त रहे, ताकि आवश्यकतानुसार उनका उपयोग किया जा सके।
      सभी ज़िलाधिकारी कांवड़ सेवा शिविरों के लिये कोविड गाइडलाईन्स जारी कर दें तथा उसका सख़्ती से पालन कराया जाये। बिना प्रशासनिक अनुमति प्राप्त किये कोई कांवड़ सेवा शिविर न लगे। शिविर संचालकों के साथ ज़िलाधिकारी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्तर पर बैठक कर ली जाये। निजी चिकित्सा शिविर भी बिना अनुमति न चलें।
      कांवड़ यात्रा के दौरान प्रतिबन्धित प्लास्टिक के इस्तेमाल को रोका जाये। विशेषकर शिविरों पर इनका इस्तेमाल न हो। अन्यथा जुर्माने की कार्यवाही की जाये। शिविरों में डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखे जायें। मार्ग पर साफ-सफाई की पूर्ण व्यवस्था हो। सम्बन्धित स्थानीय निकाय द्वारा निरंतर विसंक्रमण की कार्यवाही करायी जाये।
      कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत यातायात/डायवर्जन व्यवस्था हेतु कार्ययोजना बना लें। यह प्रयास करें कि न्यूनतम समय के लिये मुख्य मार्ग बंद हो तथा केवल एक साइड की रोड बंद कर दूसरी ओर से ट्रैफिक का संचालन कराया जाये।
      लोक निर्माण विभाग/सिंचाई विभाग/नगर निगम को निर्देशित किया कि अपने अपने क्षेत्रान्तर्गत कांवड़ मार्गों का तत्काल निरीक्षण कर लें और सड़कों को गड्ढामुक्त करायें।
      ऐसे स्थानों जहां जलभराव की समस्या है, को चिन्हित कराकर समस्या का समाधान करायें।
      विद्युत विभाग स्थलीय निरीक्षण कराकर यह सुनिश्चित करे कि बिजली के तार नीचे न झुके हों। इसी प्रकार ट्रांसफार्मर की बेरिकेटिंग हो तथा खम्बों में करंट आने से बचाव की व्यवस्था हो। कांवड शिविरों में विद्युत सुरक्षा के प्रबन्ध हों।
      कांवड यात्रा से जुडे सम्बन्धित ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कर ली जाये। इसके अतिरिक्त सिविल डिफेंस/अन्य वाॅलंटियर्स का सहयोग लेकर व्यवस्थित ढंग से कांवड़ यात्रा को संचालित कराया जाये।
      सिंचाई विभाग द्वारा गंग नहर के किनारे और पुलों के आसपास मज़बूत बैरिकेटिंग करायी जाये। नहाने के स्थलों, विशेषकर गहरे पानी पर चेतावनी बोर्ड लगवाये जायें तथा इन क्षेत्रों पर गोताखोरों की व्यवस्था की जाये। गोताखारों के मोबाइल नम्बर भी सभी अधिकारियों के पास मौजूद रहें।
      खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा निरंतर फूड पाॅइज़निंग की दृष्टि से खाद्य पदार्थों की जांच करें। इसके लिये जांच किट की व्यवस्था भी करायी जाये।
      खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सभी ढाबों/रेस्टोरेंट पर रेट लिस्ट लगवायी जाये। ओवरचार्ज किये जाने पर शिकायत करने हेतु कन्ट्रोल रूम के नम्बर भी अंकित किये जायें। 
आयुक्त, मेरठ मण्डल द्वारा सभी सम्बन्धित विभागों को निर्देशित किया गया कि वह अपने अपने कार्यों को सूचीबद्ध कर कार्ययोजना बना लें और 03 दिन के अन्दर प्रस्तुत करें। साथ ही सभी विभाग अपनी ओर से नोडल अधिकारी नामित कर दें।
पुलिस महानिरीक्षक, मेरठ परिक्षेत्र द्वारा निर्देश दिये गये कि आगामी ईद-उल-अज़हा के दृष्टिगत भी विशेष सतर्कता रखी जाये। इस दौरान पशुओं की कुर्बानी के अवशेषों का निस्तारण समय से हों, इसका विशेष ध्यान रखा जाये। गौकशी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जाये। कांवड़ यात्रा से सम्बन्धित मिश्रित इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाये। समुचित पुलिस व्यवस्था रखी जाये। कोई विवाद की स्थिति होने पर सीओ/एस.डी.एम. तत्काल मौके पर पहुंचकर विवाद का निपटारा करायें। रोडवेज़ की बसों द्वारा ओवरस्पीडिंग न की जाये। विगत् वर्षों में घटित घटनाओं को ध्यान में रखकर आवश्यक निरोधात्मक कार्यवाही समय से सुनिश्चित करायी जाय।
अन्त में सभी अधिकारियों को कांवड़ यात्रा-2021 की समस्त तैयारियां समय से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये गये।
 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts