बदमाशों तक पहुंचने के लिये पुलिस के काम आया जीपीएस सिस्टम 


आगरा। जिले के कमला नगर में 19 किलोग्राम सोना यानी 18 करोड के जेवरात और 5.5 लाख रुपये कैश लूटकर भागते बदमाश पुलिस की तत्परता से ढेर हो गए। पुलिस को बदमाशों तक पहुंचने की राह ग्लोबल पोजीशनिंग सिस्टम यानी जीपीएस ने दिखाई। पुलिस ने साहस दिखाते हुए बदमाशों को घेर लिया। दोनों तरफ से 25 राउंड गोलियां चली और बदमाशों को गोली लग गई। पुलिस के साहस को हर किसी ने सलाम किया। लेकिन अभी भी तीन बदमाश फरार हैं। उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। 
   एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि कमला नगर में गोल्ड लोन कंपनी में लूट की घटना की जानकारी सबसे पहले रीजनल ऑफिस से थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार को मिली। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद चार मिनट में कंपनी के ऑफिस पर पहुंच गए। वो खुद भी पांच मिनट में पहुंच गए। उन्होंने कर्मचारियों से घटनाक्रम और बदमाशों के हुलिये की जानकारी ली। पूछताछ में बताया कि वह सुरक्षा की दृष्टि से जेवरात के बॉक्स में जीपीएस लगाते हैं। इससे सोने की चोरी और लूट करने वाले को पकड़ने में मदद मिलती है। फिर क्या था पुलिस को राह मिल गई।
कंपनी के हेड ऑफिस से जीपीएस की आईडी और पासवर्ड प्राप्त किया गया। इसके बाद पुलिस ने लोकेशन पता की। सर्विलांस टीम की मदद ली गई। दस से 12 डिब्बों में जीपीएस लगा हुआ था। इसका फायदा पुलिस को मिला। दो बदमाशों की लोकेशन एत्मादपुर की तरफ की आने लगी। यह देखकर एसपी सिटी के साथ निरीक्षक अरविंद कुमारए थाना सदर के प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल और सिंकदरा के प्रभारी निरीक्षक कमलेश सिंह ने बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। सही लोकेशन तक पुलिस पहुंच गई।
बदमाश एत्मादपुर होते हुए खंदौली मार्गर् पर मुड़ गए थे। इसके बाद मां खैरानी मेडिकल स्टोर के पास खड़े हो गए। वह अपने साथियों का इंतजार करने लगे। तभी पुलिस टीम ने उनको घेर लिया। इस पर बदमाशों ने मेडिकल स्टोर मालिक रिंकू राजपूत को तमंचा दिखाकर बाहर निकाल दिया। इसके बाद शटर बंद कर लिया। पुलिस ने शटर खोलने का प्रयास किया। मगर, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
एसपी सिटी के मुताबिक,बदमाशों ने तकरीबन 12 से 15 गोलियां चलाई। पुलिस ने अपना बचाव करते हुए जवाब में आठ दस फायर किए। इसमें दोनों बदमाशों को पैर और सीने में गोली लग गई। उन्हें पुलिस सीएचसी लेकर पहुंची, जहां उनका उपचार हुआ। बाद में एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी लेकर आए। रात साढ़े आठ बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts