मेरठ, 18 जून 2021।  मेरठ समेत प्रदेश के सभी जिलों में एक से 31 जुलाई के बीच विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 12 से 25 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया जायेगा।
  मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अखिलेश मोहन ने बताया दस्तक अभियान के तहत क्षय  रोगियों को चिन्हित भी किया जाएगा। लखनऊ में आयोजित ऑनलाइन बैठक में अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद ने झाडिय़ों के कटान कराये जाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कृषि विभाग को भी मूषक प्रजाति के नियंत्रण पर विशेष कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने बताया कि मूषक प्रजाति के जीव जैसे चूहा, गिलहरी, छछूंदर आदि के शरीर पर पाया जाने वाला स्क्रब टाइफस विषाणु कई गम्भीर बीमारियों का कारक होता है। यह विषाणु इन जीवों के शरीर से झाड़िय़ों में चिपक जाता है और वहां खेलने वाले बच्चों को संक्रमित कर देता है। इसलिए इन पर नियंत्रण बेहद आवश्यक है।
उन्होंने बताया इस बार दस्तक अभियान में ग्राम निगरानी समिति एवं मोहल्ला निगरानी समिति अपने क्षेत्र की आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को सहयोग प्रदान करेंगी। निगरानी समिति के पास दवा भी उपलब्ध रहेंगी। बच्चों के लिए जो कोविड किट बनायी गयी है उसमें उपलब्ध दवा अन्य बीमारियों में भी प्रयोग की जा सकेंगी।
 जिला मलेरिया अधिकारी सत्यप्रकाश ने बताया विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के लिये  पूरी तैयारी कर ली गयी है। इसके लिये शहर व देहात में टीमों का गठन किया जा रहा है। जिससे अभियान को अमली जामा पहनाया जा सके। 
अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर मच्छर जनित रोगों के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी। साथ ही यह भी बताएंगी कि मच्छर किन परिस्थितियों में पनप सकते हैं। घर के कूलर और खाली कंटेनरों में पानी जमा न होने दें, इसके लिए भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। खासकर डेंगू और मलेरिया को लेकर लोगों को जानकारी दी जाएगी। साफ-सफाई के साथ ही नालियों में एंटी लार्वा का छिड़काव किया जाएगा। बरसात में मच्छर जनित रोगों मलेरिया, डेंगू चिकनगुनिया का प्रसार होता है। इन रोगों से बचाव के लिए आवश्यक है कि घरों व कार्यलयों में साफ पानी जमा न होने दें क्योंकि यह मच्छर रुके हुए साफ पानी में पनपते हैं। 


No comments:

Post a Comment

Popular Posts