आईसीयू में किया गया शिफ्ट, बेटा भी मेदांता में हुआ भर्ती
लखनऊ - समाजवादी पार्टी (सपा) के कद्दावर नेता और रामपुर के सांसद मोहम्मद आजम खां को सोमवार को मेंदाता अस्पताल के आईसीयू में शिफ्ट किया गया।
कोरोना संक्रमण की चपेट में आये श्री खां को रविवार शाम सीतापुर जेल से यहां इलाज के लिये मेंदाता अस्पताल में भर्ती किया गया था। उनके पुत्र अब्दुल्ला आजम को भी सीतापुर से लाकर यहां भर्ती कराया गया है। पिता पुत्र दोनो में पिछले दिनो कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुयी थी।
सूत्रों के अनुसार श्री खां को प्रति मिनट दस लीटर आक्सीजन की जरूरत पड़ रही है जिसके चलते उन्हे आईसीयू में भेजा गया है। इससे पहले सीतापुर जेल में सपा सांसद का आक्सीजन लेबल 90 से नीचे आ गया था जिसके बाद उन्हे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्वास्थ्य अधिकारियों की देखरेख में लखनऊ भेजा गया था।
श्री खां पहले लखनऊ जाने को तैयार नहीं थे लेकिन अधिकारियों के मनाने के बाद वह जाने को राजी हुये थे। श्री खां पिछले एक साल से अधिक समय से सीतापुर जेल में निरूद्ध है। उन्होेने पत्नी तंजीन फातिमा और पुत्र अब्दुल्ला आजम के साथ रामपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था जिसके बाद उन्हे सीतापुर जेल भेजा गया था। श्री खां की पत्नी कुछ दिन पहले जमानत पर रिहा हो गयी थी।
श्री खां को योगी सरकार ने भूमि पर कब्जा,अतिक्रमण जैसे कई मामलाे में निरूद्ध किया था। उन्हे और उनके पुत्र को इनमे से कुछ मामलों में जमानत मिल चुकी है।
No comments:
Post a Comment